
Aaj ka Mausam/Weather Today, 9 November: पहाड़ी इलाकों पर हो रही बर्फबारी से उत्तर भारत में ठंड बढ़ रही है। दिल्ली, बिहार समेत भारत के उत्तरी राज्यों के तापमान में हर रोज गिरावट हो रही है। वहीं, राजधानी दिल्ली में प्रदूषण अब भी चिंता का विषय बना हुआ है। इधर, बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र से दक्षिण राज्यों में लगातार बारिश हो रही है। तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में शनिवार से ही मूसलाधार बारिश हो रही है जिससे वहां बाढ़ जैसे हालात बन गए है। तमिलनाडु में 11 नवंबर तक बारिश होने की आशंका है जिससे वहां के हालात और खराब हो सकते है।
दिल्ली के तापमान में गिरावट
देश की राजधानी दिल्ली में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। रविवार और सोमवार को दिल्ली के न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले हफ्ते में पारा और गिरने की संभावना है, जिससे राजधानी में ठंड बढ़ जाएगी। ठंड के आगमन के साथ दिल्ली में दिन छोटी और रात लंबी होती जा रही है।
Noida's overall air quality continues to remain 'severe' with Air Quality Index (AQI) standing at 575: System of Air Quality & Weather Forecasting & Research (SAFAR) pic.twitter.com/ETsjID5jkE
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) November 8, 2021
वहीं, दिल्ली में दिवाली के बाद से प्रदूषण में कोई कमी नहीं देखी जा रही है और स्थित ख़राब ही है। दीवाली पर राजधानी में जमकर पटाखे फूटे, जिसके बाद प्रदूषण का लेवल और बढ़ गया है। नोयडा की वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) इस समय 575 है, जो गंभीर श्रेणी में आता है। मौसम विभाग ने दिल्ली में अगले सप्ताह बारिश की संभावना जताई है। अगर बारिश होती है तो दिल्ली में ठंड बढ़ने के साथ साथ ही धुंध और धूल में कमी आएगी, जिससे मौसम साफ होगा।
अगले 24 घंटों के दौरान भारत में मौसम
मौसम की जानकारी देने वाली संस्था स्काईमेट वेदर ने बताया कि दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी और उससे सटे दक्षिण अंडमान सागर में एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव में कल नौ नवंबर तक दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की उम्मीद है। यह और अधिक शक्तिशाली होकर तमिलनाडु की ओर आगे बढ़ेगा जिससे क्षेत्र में बारिश की संभावना है। अगले 24 घंटों के दौरान, तमिलनाडु, रायलसीमा के कुछ हिस्सों, तटीय आंध्र प्रदेश और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। वहीं, 9 नवंबर को दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तटीय कर्नाटक, केरल और लक्षद्वीप में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
Scattered light to moderate rain may occur over South interior #Karnataka, #Kerala, and #Lakshadweep. Light rain is possible over coastal Karnataka. #Airpollution over #Delhi and NCR will remain in poor to very poor category.https://t.co/f7TLAS98tm
— Skymet (@SkymetWeather) November 8, 2021
चेन्नई में बारिश से आई बाढ़
तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में शनिवार से शुरू हुई बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, लोगों को फिलहाल बारिश से राहत नहीं मिलने वाली है। जानकारों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव क्षेत्र बन रहा है, जिस कारण यहां 11 नवंबर तक भारी बारिश के आसार बने हुए हैं। बारिश के खतरे को देखते हुए भारतीय मौसम विभाग ने चेन्नई में रेड अलर्ट जारी किया है। लगातार हो रही बारिश के कारण चेन्नई के इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई है। सभी स्कूल-कॉलेजों को बंद कर दिया गया है। आने वाले दिनों में तमिलनाडु में बारिश के खतरे को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को हर संभव मदद का भरोसा दिया है।














