बांदा। उत्तर प्रदेश का बांदा जनपद पिछले 24 घंटों के दौरान पांच अलग-अलग आत्महत्या की घटनाओं से दहल उठा है। जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सामने आईं इन घटनाओं ने सामाजिक और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कहीं पारिवारिक कलह मौत का कारण बनी, तो कहीं छोटी सी जिद ने हंसते-खेलते घर को मातम में बदल दिया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पत्नी के वियोग और विवाद ने ली मजदूर की जान
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के पवैया गांव में 45 वर्षीय लक्ष्मी रैकवार ने गुरुवार रात अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार सुबह जब उसकी भतीजी महक चाय लेकर पहुंची, तब घटना का खुलासा हुआ। मृतक के भाई राकेश के अनुसार, लक्ष्मी शराब का आदी था और उसकी पत्नी ढाई महीने पहले विवाद के बाद मायके चली गई थी। गुरुवार रात फोन पर पत्नी से हुई तीखी बहस के बाद लक्ष्मी ने आत्मघाती कदम उठा लिया। वह अपने पीछे तीन बेटों का परिवार छोड़ गया है।
कार की चाबी नहीं मिली तो खा लिया जहर
अतर्रा के भगवत नगर में एक युवक ने छोटी सी बात पर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। 25 वर्षीय अजय अपनी मां से कार की चाबी मांग रहा था। मां के इनकार करने पर वह इतना आहत हुआ कि घर से निकलकर सल्फास की गोलियां खा लीं। रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। अजय तीन भाइयों में सबसे छोटा था।
नए मोबाइल की जिद पड़ी भारी, 35 वर्षीय युवक ने लगाया फंदा
अतर्रा के ही भवानीगंज इलाके में प्रमोद उर्फ पिंटू (35) ने नए मोबाइल के लिए अपनी जान दे दी। परिजनों ने बताया कि पिंटू अपनी दादी से नया फोन खरीदने के लिए 30 हजार रुपये की मांग कर रहा था। पैसे न मिलने से नाराज होकर उसने कमरे में पंखे के हुक से लटककर फांसी लगा ली। मृतक नशे का आदी था और अविवाहित था।
मुड़िया देव बाबा स्थान के साधु ने पेड़ से लटककर दी जान
मर्का कस्बे में रहने वाले अयोध्या प्रसाद (60), जो पिछले ढाई साल से साधु के रूप में जीवन व्यतीत कर रहे थे, ने अपने घर के आंगन में लगे शीशम के पेड़ पर फांसी लगा ली। अयोध्या प्रसाद मुड़िया देव बाबा स्थान पर रहते थे और कभी-कभी घर आते थे। उनके इस कदम के पीछे के ठोस कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
फोन कॉल के बाद स्नातक शिक्षित युवक ने की खुदकुशी
अतर्रा क्षेत्र के चिमनीपुरवा में एक शिक्षित युवक रोशन वर्मा की आत्महत्या ने सबको चौंका दिया है। स्नातक कर चुका रोशन शुक्रवार दोपहर एक रिश्तेदार के घर से लौटकर आया था। उसकी भाभी के अनुसार, वह किसी से फोन पर लंबी बात कर रहा था और उसी के तुरंत बाद उसने धन्नी से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। रोशन के पिता और भाई मुंबई में मजदूरी करते हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि सभी मामलों में पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस अब इन आत्महत्याओं के पीछे के असल कारणों की गहनता से जांच कर रही है।










