नीट बवाल के बीच नया विवाद: लखनऊ यूनिवर्सिटी का कथित ऑडियो वायरल, प्रोफेसर पर परीक्षा पेपर लीक और छात्रा को आपत्तिजनक ढंग से बुलाने का आरोप

लखनऊ । देश में इस समय मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर पहले से ही भारी राजनीतिक और सामाजिक बवाल चल रहा है। इसी गरमाए माहौल के बीच अब सोशल मीडिया पर एक और सनसनीखेज ऑडियो क्लिप तेजी से वायरल हो रही है, जिसने उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा जगत में हड़कंप मचा दिया है। इस वायरल ऑडियो क्लिप को लखनऊ यूनिवर्सिटी (Lucknow University) से जोड़कर सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है। ऑडियो में दावा किया जा रहा है कि यूनिवर्सिटी का एक प्रोफेसर अपनी ही एक छात्रा को परीक्षा का मुख्य पेपर लीक (Out) करने का झांसा देकर उसे एकांत में मिलने के लिए बुला रहा है और उसके साथ आपत्तिजनक बातचीत कर रहा है।

इंटरनेट पर तेजी से प्रसारित हो रहे इस 2 मिनट 7 सेकेंड के वीडियो/ऑडियो में कथित तौर पर एक पुरुष और एक महिला की आवाज सुनी जा सकती है। बातचीत के दौरान पुरुष (कथित प्रोफेसर) बार-बार छात्रा से पेपर आउट होने का जिक्र करता है और उस पर दबाव बनाते हुए पूछता है कि “तुम मिलने कब आओगी?”। वहीं दूसरी तरफ, छात्रा सहमी हुई आवाज में बार-बार प्रोफेसर के दावों को टालने की कोशिश करती दिख रही है और कह रही है कि “सर, मैंने तो पूरा सिलेबस पढ़ लिया है।”

नीट पेपर लीक विवाद के बीच वायरल हुआ वीडियो, जांच की मांग तेज

यह कथित ऑडियो क्लिप ऐसे नाजुक समय पर सामने आई है जब पूरा देश और छात्र संगठन परीक्षाओं में हो रही धांधली को लेकर सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं। यही वजह है कि लखनऊ यूनिवर्सिटी के नाम से वायरल होते ही इस क्लिप ने आग पकड़ ली है। छात्र संगठनों और नेटिजन्स ने इस मामले को लेकर उत्तर प्रदेश पुलिस, विश्वविद्यालय प्रशासन को टैग करते हुए आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ तुरंत सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई और निलंबन की मांग शुरू कर दी है। छात्रों का कहना है कि अगर यह ऑडियो सच है, तो यह न केवल शिक्षा के मंदिर को कलंकित करता है, बल्कि योग्य छात्रों के भविष्य के साथ भी खिलवाड़ है।

ऑडियो की सत्यता पर सस्पेंस, प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार

सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर भले ही भारी आक्रोश देखा जा रहा हो, लेकिन इस कथित ऑडियो की प्रामाणिकता (सच्चाई) को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। यह आवाज वास्तव में लखनऊ यूनिवर्सिटी के किसी प्रोफेसर की है या किसी ने द्वेष भावना के तहत डीपफेक तकनीक या मिमिक्री का सहारा लेकर इसे तैयार किया है, यह गहन फॉरेंसिक जांच के बाद ही साफ हो पाएगा। फिलहाल, इस वायरल हो रहे वीडियो की सत्यता की पुष्टि हमारी न्यूज वेबसाइट  भी नहीं करती है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अब सभी की नजरें लखनऊ यूनिवर्सिटी प्रशासन और स्थानीय पुलिस के आधिकारिक बयान पर टिकी हैं कि इस मामले में क्या आंतरिक जांच बैठाई जा रही है।

वायरल ऑडियो क्लिप में कथित लखनऊ यूनिवर्सिटी का प्रोफेसर और लड़की की बातचीत

प्रोफेसर- बच्चा मामा ठीक हैं न सब तो

लड़की- जी सर

प्रोफेसर- चलो अगर कुछ भी हेल्प चाहिए तो तुम्हारे लिए सब कुछ ओपन है और ज्यादा डॉक्टर जाने वाले हैं अगर आप कहोगी तो मैं आ जाऊंगा और किसी भी प्रकार की फाइनेंशियल सपोर्ट चाहिए तो बताना.

लड़की- न सर कोई दिक्कत नहीं है हो जाएगा काम

प्रोफेसर- तो नहीं बता दीजिएगा ऐसा कुछ होगा तो हो जाएगा काम, ठीक है मैम

लड़की- जी सर

प्रोफेसर- तो किस दिन मिलने आओगी? मैंने दोनों पेपर आउट कर लिए आपके

लड़की- सर मेरा न मुश्किल ही लग रहा है कि क्योंकि अभी तो घर पर भी देखना है

प्रोफेसर- अच्छा तो जब आपके पेपर होंगे कोर वाला और इलेक्ट्रिक वाला तो उससे पहले बता दीजिएगा मैंने दोनों पेपर आउट कर लिए तुम्हारे लिए

लड़की- सर मैंने वैसे तो पढ़ लिया है पूरा सलेवर्ष मेरा हो गया है

प्रोफेसर नहीं-नहीं आप आ जाओ मैं पेपर आउट कर दिया तुम्हारे लिए यार

लड़की- सर सिलेबस को पूरा हो गया है लेकिन दिक्कत है कि घर पर कोई नहीं तो निकालने में दिक्कत है इसलिए मैंने पूरा पढ़ लिया था पहले ही

प्रोफेसर तो मिलने नहीं आओगी

लड़की- सर वहीं मम्मी का थोड़ा दिक्कत है इस चक्कर में घर पर रुकना जरूरी है

प्रोफेसर- तो ये बताओ कब मिलने आ जाओगी एक बार?

लड़की- सर घर पर थोड़ा स्टेबल हो जाए

प्रोफेसर- तो एक सप्ताह मान लूं, एग्जाम से पहले आ जाओ दोनों पेपर आउट कर लिए हैं तुम्हारे लिए

लड़की – अच्छा सर मैं प्रयास करूंगी

प्रोफेसर- नहीं आना ही पड़ेगा

लड़की- OK सर

प्रोफेसर- ठीक है फिर सात दिन के अंदर आ जाओ

लड़की- OK सर

फोन कट होने के बाद लड़की कहती है मुझे नहीं चाहिए वो पेपर और लड़की इस ऑडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर देती है.

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment