
नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में खाकी और कानून का खौफ बेअसर साबित हो रहा है। शहर में नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवती के साथ कार में अश्लील हरकत और दरिंदगी की कोशिश का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि जान-पहचान वाले युवक ने ऑनलाइन जॉब का झांसा देकर उसे मुलाकात के लिए बुलाया और फिर सुनसान जगह ले जाकर हैवानियत पर उतारू हो गया। युवती के कड़े विरोध के बाद आरोपी उसे रास्ते में ही छोड़कर फरार हो गया। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ऑनलाइन जॉब के बहाने बुलावा, झांसे में आई पीड़िता नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के अल्फा-वन सेक्टर में रहने वाली युवती ने पुलिस को दी शिकायत में पूरी आपबीती बताई है। पीड़िता के मुताबिक, कुछ समय पहले उसके पास मुंदर नागर नाम के परिचित शख्स का फोन आया था। उसने युवती को झांसा दिया कि वह उसकी एक अच्छी ऑनलाइन जॉब लगवा सकता है। इसके बाद आरोपी ने काम की शर्तों पर चर्चा करने के बहाने पीड़िता को मिलने के लिए बुलाया। आरोपी की बातों पर भरोसा करके युवती उससे मिलने चली गई, जहां वह अपनी कार के साथ पहले से मौजूद था।
एक्सपो मार्ट के पास ले जाकर अश्लील हरकत शिकायत के अनुसार, पीड़िता को अपनी गाड़ी में बैठाने के बाद आरोपी उसे एक्सपो मार्ट के पास एक सुनसान इलाके में ले गया। वहां पहुंचते ही आरोपी की नीयत बदल गई और उसने युवती के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसके कपड़ों के अंदर हाथ डालकर जबरदस्ती करने का प्रयास किया और नाजुक अंगों को छुआ।
विरोध करने पर बीच सड़क फेंका, पुलिस ने शुरू की पड़ताल जब आरोपी की नीयत भांपकर युवती ने हिम्मत दिखाते हुए कड़ा विरोध किया और शोर मचाने का प्रयास किया, तो आरोपी घबरा गया। पकड़े जाने के डर से उसने युवती को गाड़ी से नीचे उतार दिया और मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। पीड़िता ने जैसे-तैसे खुद को संभाला और परिजनों की मदद से थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई।
मामले की जानकारी देते हुए थाना नॉलेज पार्क के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपी मुंदर नागर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीम मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।








