
देश की राजधानी दिल्ली और आर्थिक राजधानी मुंबई को दहलाने की एक और बड़ी पाकिस्तानी साजिश को भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने नाकाम कर दिया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने महाराष्ट्र एटीएस (ATS) के साथ मिलकर एक बेहद गोपनीय और बड़े ज्वाइंट ऑपरेशन में मुंबई अंडरवर्ल्ड और पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) के टेरर नेटवर्क के एक बड़े मोहरे को दबोच लिया है। सुरक्षा एजेंसियों ने लंबे समय से फरार चल रहे खतरनाक आतंकी हुफैजा को मुंबई के ठिकाने से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
मुन्ना झिंगाड़ा का राइट हैंड है हुफैजा
पकड़ा गया आतंकी हुफैजा कोई आम अपराधी नहीं है, बल्कि वह अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की डी-कंपनी (D-Company) का बेहद करीबी और पाकिस्तान में पनाह लिए बैठे कुख्यात गैंगस्टर मुन्ना झिंगाड़ा का सबसे भरोसेमंद शातिर साथी है। हाल ही में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़े आतंकी-अंडरवर्ल्ड मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए 6 आतंकियों को सलाखों के पीछे भेजा था। कड़ियों से कड़ियां जोड़ने पर जांच एजेंसियों को पता चला कि इस पूरे मॉड्यूल की कमान पाकिस्तान से चार बड़े हैंडलर संभाल रहे हैं, जिनमें मुन्ना झिंगाड़ा मुख्य भूमिका में है।
कराची से रची जा रही थी भारत को दहलाने की साजिश
सुरक्षा एजेंसियों के सूत्रों के मुताबिक, मुन्ना झिंगाड़ा इस वक्त पाकिस्तान के कराची शहर में बैठकर पूरा आतंकी ऑपरेशन ऑपरेट कर रहा है। आईएसआई के इशारे पर मुन्ना झिंगाड़ा ने हुफैजा को भारत में बड़े पैमाने पर आतंकी वारदातों को अंजाम देने और देश में अस्थिरता व सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने का बड़ा टास्क सौंपा था। हुफैजा सीधे तौर पर कराची में बैठे अपने आकाओं के संपर्क में था और इंटरनेट कॉलिंग व अन्य सुरक्षित माध्यमों के जरिए भारत विरोधी साजिशों का ताना-बाना बुन रहा था।
तीन दिनों तक चली ताबड़तोड़ छापेमारी
हुफैजा को पकड़ने के लिए दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और महाराष्ट्र एटीएस की टीमों ने पिछले 72 घंटों से मुंबई और उसके आसपास के संवेदनशील इलाकों में डेरा डाल रखा था। लगातार तीन दिनों तक चली ताबड़तोड़ छापेमारी और खुफिया इनपुट के आधार पर घेराबंदी कर आखिरकार हुफैजा को दबोच लिया गया। वह काफी समय से अपनी पहचान छिपाकर केंद्रीय एजेंसियों को चकमा दे रहा था। उसकी गिरफ्तारी को आईएसआई और अंडरवर्ल्ड के नापाक गठजोड़ की रीढ़ तोड़ने के रूप में देखा जा रहा है।
रिमांड पर लेकर दिल्ली आएगी स्पेशल सेल, होंगे कई बड़े खुलासे
गिरफ्तारी के बाद दिल्ली स्पेशल सेल और महाराष्ट्र एटीएस की संयुक्त टीम हुफैजा से किसी गुप्त स्थान पर कड़ी पूछताछ कर रही है। सुरक्षा एजेंसियों को उम्मीद है कि हुफैजा के पास से मुन्ना झिंगाड़ा के भारत में सक्रिय अन्य स्लीपर सेल्स, टेरर फंडिंग के रूट और आगामी त्योहारों पर होने वाली आतंकी प्लानिंग के कई चौंकाने वाले राज उगलवाए जा सकते हैं। स्पेशल सेल बुधवार को आरोपी हुफैजा को स्थानीय कोर्ट में पेश कर प्रोडक्शन वारंट हासिल करेगी, जिसके बाद उसे आगे की तफ्तीश के लिए दिल्ली लाया जाएगा।














