
वाराणसी। धर्मनगरी वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र स्थित बजरडीहा VDA कॉलोनी में मंगलवार तड़के उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक किराए के कमरे से युवक का रक्तरंजित शव बरामद हुआ। युवक की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या की गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची भेलूपुर पुलिस, एसीपी और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की नाकाबंदी कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और साथ रहने वाले मृतक के संदिग्ध दोस्त को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ शुरू कर दी है।
तड़के 3 बजे कंट्रोल रूम को मिली सूचना, कमरे में बिछी थी लाश पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान दीपांशु राय के रूप में हुई है। वह अपने साथी खुश पांडेय के साथ बजरडीहा स्थित VDA कॉलोनी में एक कमरा किराए पर लेकर रहता था। मंगलवार तड़के करीब 3 बजे पुलिस कंट्रोल रूम (UP 112) पर एक कॉल आई, जिसमें सूचना दी गई कि दीपांशु अपने कमरे में मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही भेलूपुर थाना प्रभारी और एसीपी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जब पुलिस कमरे के अंदर दाखिल हुई तो नजारा खौफनाक था—दीपांशु का शव फर्श पर खून से लथपथ पड़ा हुआ था।
धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार, फोरेंसिक टीम ने जुटाए सुराग घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने बताया कि वारदात को सोमवार देर रात अंजाम दिया गया लगता है। हमलावर ने किसी धारदार हथियार, संभवतः चाकू से दीपांशु पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। फोरेंसिक टीम ने कमरे से फिंगरप्रिंट्स, खून के नमूने और अन्य अहम साक्ष्य जुटाए हैं ताकि हत्या की कड़ियों को जोड़ा जा सके।
साथ रहने वाले दोस्त पर शक की सूई, हिरासत में लेकर पूछताछ जारी मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक दीपांशु के साथ उसी कमरे में रहने वाले उसके दोस्त खुश पांडेय को हिरासत में ले लिया है। एसीपी भेलूपुर ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि दोनों युवक एक साथ रहते थे और रात में हुई इस वारदात के समय परिस्थितियों को समझने के लिए खुश पांडेय से गहनता से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या के पीछे आपसी रंजिश, कहासुनी या कोई और वजह थी। जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश कर आरोपी को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।








