ससुर की बंदिशें, घर में कैमरे और 6 लाख की सुपारी: कानपुर के दवा कारोबारी हत्याकांड में बहू ही निकली कातिल

कानपुर। शहर के पॉश इलाके इंदिरा नगर स्थित रतन आर्बिट अपार्टमेंट में हुए चर्चित दवा कारोबारी विनीत मनोचा हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। जिस ससुर की खून से लथपथ लाश मिलने के बाद बहू गम में डूबी नजर आ रही थी, वही इस पूरे हत्याकांड की मास्टरमाइंड निकली। प्राइवेसी खत्म होने, घर के भीतर सीसीटीवी कैमरे लगाने और लगातार टोका-टाकी से परेशान होकर बहू ने ही अपने ससुर की हत्या की योजना रची थी। इसके लिए उसने 6 लाख रुपये की भारी-भरकम सुपारी देकर दो भाड़े के हत्यारों से इस खूनी वारदात को अंजाम दिलवाया।

सीसीटीवी की बंदिशों ने बनाया कातिल

63 वर्षीय दवा कारोबारी विनीत मनोचा का शव रविवार तड़के उनके अपार्टमेंट के सी-104 कमरे में मिला था। घटना के बाद जब पुलिस ने जांच की सुई परिजनों की तरफ घुमाई तो बहू शालू का व्यवहार संदिग्ध लगा। पुलिस पूछताछ में शालू ने अपना गुनाह कुबूल करते हुए बताया कि ससुर विनीत मनोचा ने घर के अंदर दो सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए थे, जिससे उसकी प्राइवेसी पूरी तरह खत्म हो गई थी। वह मानसिक रूप से काफी तनाव में रहने लगी थी। इसके अलावा ससुर द्वारा ‘यह मत पहनो, वहां मत जाओ’ जैसी लगातार टोका-टाकी से उसके मन में ससुर के प्रति नफरत भर गई थी, जिसके बाद उसने उन्हें रास्ते से हटाने का खौफनाक कदम उठाया।

सुपारी किलर्स से कराया आमना-सामना, टूट गई बहू

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से विनीत मनोचा के पूर्व कर्मचारी विशाल गौतम और उसके साथी राजकिशोर को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया था। एनकाउंटर में पकड़े गए विशाल ने पुलिस को बताया कि शालू ने ही 6 लाख रुपये में हत्या की डील की थी। सोमवार सुबह पुलिस जब शालू को हिरासत में लेकर थाने आई, तो शुरुआत में उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। हालांकि, जब पुलिस ने मुख्य आरोपी विशाल को शालू के सामने खड़ा किया और सिक्योरिटी गार्ड के पास फर्जी नाम ‘शिवम’ दर्ज कराकर एंट्री दिलाने तथा घर की चाबियां सौंपने जैसे सबूत सामने रखे, तो शालू का झूठ टिक न सका और वह फूट-फूटकर रोते हुए टूट गई।

मुठभेड़ में पकड़े गए बदमाश, तीनों भेजे गए जेल

कानपुर के डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि दवा कारोबारी की हत्या की पूरी साजिश बहू शालू ने ही रची थी। शालू और सुपारी किलर्स के बीच हुई बातचीत के कॉल डिटेल्स, अपार्टमेंट में गलत नाम से एंट्री कराने के डिजिटल साक्ष्य और चाबी मुहैया कराने जैसे ठोस सबूतों के आधार पर शालू को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने मुठभेड़ में घायल हुए दोनों सुपारी किलर्स विशाल और राजकिशोर के साथ-साथ मुख्य साजिशकर्ता बहू शालू को कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha