
जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद पर भारतीय सुरक्षाबल लगातार नकेल कसते जा रहे हैं. कुलगाम जिले में भारतीय सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई. इसमें दो आतंकियों को ढेर कर दिया गया. अभी भी इलाके में कई और आतंकियों के छुपे हुए है. भारतीय सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर रखा है और सर्च ऑपरेशन जारी है.
जानकारी के मुताबिक भारतीय सुरक्षाबलों को खुफिया जानकारी मिली थी कि कुलगाम के चिंगामा इलाके में कुछ आतंकी छुपे हुए हैं और किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की योजना तैयार कर रहे हैं. खुफिया जानकारी के आधार पर सुरक्षाबलों ने स्थानीय पुलिस और सीआरपीएफ की एक टीम के साथ इलाके का घेराव किया. खबर है कि सुरक्षाबलों को आता देख आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी.
भारतीय सुरक्षाबलों ने आतंकियों को आत्मसमर्पण करने को कहा लेकिन आतंकियों ने फायरिंग जारी रखी. इसके बाद सुरक्षाबलों ने भी फायरिंग शुरू कर दी. फायरिंग की आवाज से लग रहा था कि इलाके में तीन आतंकी हो सकते हैं. दोनों ओर से चली फायरिंग में दो आतंकी मारे गए जबकि एक अन्य आतंकी की तलाश जारी है.
बता दें कि इससे पहले बुधवार (7 अक्टूबर) को जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में भी भारतीय सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई करते देर रात तक चली मुठभेड़ के बाद तीन आतंकियों को मार गिराया था. पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया था कि आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने मंगलवार शाम जैनापोरा इलाके के सुगान गांव में तलाश अभियान शुरू किया था.















