सीएम योगी का ‘शेरनी दस्ता’ तैयार, छेड़छाड़ करने वाले शोहदों की अब खैर नहीं

फाइल फोटो

महिलाओं की सुरक्षा को लेकर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार एक के बाद एक कई कदम उठा चुकी है. हाथरस मामले में भी सरकार ने पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने के लिए बड़े फैसले लिए हैं. सभी आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं. मामले की सीबीआई जांच के आदेश दिये गए हैं. इसके साथ ही आरोपियों के नारको और पॉलीग्राफ टेस्ट कराने को कहा गया है. पीड़ित पक्ष को 25 लाख रुपये, एक घर और एक सदस्य को सरकारी नौकरी का भी योगी सरकार ने ऐलान किया है. इस सबके बाद भी कांग्रेस समेत कई राजनीतिक दल न्याय के नाम पर सियासी रोटियां सेंकने में जुटे है. हालांकि जनता को उसकी हकीकत का पता चल चुका है. अब महिला सुरक्षा को लेकर योगी सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है. सरकार ने ‘शेरनी दस्ता’ तैयार किया है. 

महिलाओं के साथ बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर योगी सरकार के इस कदम से लव जिहाद के तहत साजिश रचकर लड़कियों को फंसाने वाले आशिकों और छेड़छाड़ करने वाले मजनुओं पर लगाम कसी जाएगी. बता दें कि उत्तर प्रदेश में लव जिहाद के तमाम मामले सामने आए, जिसमें खुलासा हुआ कि कंट्टरपंथी मुस्लिम लव जिहाद अभियान चला रहे हैं. इसके तहत हिन्दू लड़कियों को प्यार के जाल में फंसाकर उनकी जिंदगी बर्बाद की जा रही है. अब योगी का शेरनी दस्ता ऐसे लव जिहादियों को खोजकर उनको उनके सही ठिकाने तक पहुंचाने का काम करेगा. इसके पहले प्रदेश में एंटी रोमियो स्क्वायड भी तैनात किया गया था, अब शेरनी दस्ते को सार्वजनिक स्थानों जैसे बाज़ार, मॉल और धार्मिक स्थलों पर तैनात किया जाएगा. 

जानकारी के मुताबिक बड़े शहरों के भीड़ वाले चौराहे, प्रमुख धार्मिक स्थल, मॉल, बाजार, एटीएम समेत ऐसी हर जगहें जहां महिलाओं का आवागमन जारी रहता है, ऐसी जगहों पर शेरनी दस्ते को तैनात किया जाएगा.

कोरोना महामारी के इस दौर में बाज़ार और सार्वजनिक स्थानों पर आम जनजीवन सामान्य हो रहा है. भीड़ वाले इलाकों में लोग वापस इकट्ठा हो रहे हैं. नवरात्र का त्योहार भी निकट है. विद्यालयों को खोले जाने की तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं. इन सभी बातों को मद्देनज़र रखते हुए योगी सरकार ने यह कदम उठाया है. प्रदेश में महिलाओं के साथ होने वाले अपराध की दर कम करने के लिए शेरनी दस्ते को तैनात किया जा रहा है. 

बता दें कि शेरनी दस्ता सुबह 10 बजे से लेकर रात के लगभग 8:30 बजे तक निर्धारित सार्वजनिक स्थलों पर तैनात रहेगा. दो घंटे के निश्चित अंतराल पर शेरनी दस्ते की मूल लोकेशन भी ली जाएगी.

खबरें और भी हैं...