
रित्विका गुप्ता को आप बखूबी पहचानते होंगे. आपने इनको एनडीटीवी इमेज के शो ‘संवारे सबके सपने प्रीतो’, एमटीवी के ‘गर्ल्स ऑन टॉप’, चैनल वी के ‘गुमराह’ के साथ-साथ कई और टीवी शोज में अपनी अदाकारी का जलवा बिखेरते देखा. फिलहाल वो जी-5 पर एक वीकेंड शो होस्ट कर रहीं हैं. लेकिन इस बंगाली लड़की के लिए कामयाबी की राह आसान नहीं थी. प्रोफेशनल डांसर के तौर पर शुरुआत करने वालीं रित्विका ने थिएटर से एक्टिंग करियर की शुरुआत की. स्टेज पर लाइव ऑडियंस के सामने अदाकारी ने इनकी एक्टिंग स्किल्स और एंकरिंग को ऐसा चमकाया कि अब वो टीवी की दुनिया में एक जाना-पहचाना नाम बन गईं हैं.
करीब 6 साल पहले 22 साल की रित्विका ने सिंगापुर से मुंबई का रुख किया था. आंखों में बड़े ख्वाब थे कि इस शहर में नाम बनाना है और मुकाम हासिल करना है. तब उनकी यही चाहत थी कि ऐसा काम करना है जो लोगों को याद रहे. उनके सफर की शुरुआत कुछ कमर्शियल्स से हुई. फिर म्यूजिक वीडियोज मिलने लगे. और फिर शॉर्ट फिल्म्स और टीवी शोज में उनको मौका मिलने लगा. उनकी प्रतिभा की तारीफ भी होने लगी. इसके बाद रित्विका ने ट्रैवेल-एक्सपी के ट्रैवेल शोज, जी टीवी, निप्पोन टीवी नेटवर्क(जापान) और ब्लूमबर्ग यूटीवी के शोज के लिए ऑडिशन दिए. ये सारे शोज उनको मिल भी गए.
पिछले 2-3 सालों में रित्विका के साथ एक और अच्छी बात हुई. उनकी डिजिटल प्रेजेंस में भी बूम आया. सोशल साइट्स पर उनके फॉलोवर्स की तादाद अच्छी खासी है. इन्फ्लुएंसर के तौर पर रित्विका आज अपने स्टाइल, डांस, खूबसूरती और डांस कंटेंट के लिए काफी पसंद की जाती हैं. उनकी हर पोस्ट पर फैंस खूब प्यार उंडेलते हैं. लाइक और शेयर करते हैं.
इस बात को रित्विका भी कबूल करती हैं कि आज यूट्यूब, इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ओटीटी उन नए टैलेंट्स के लिए वरदान हैं जिनका इंडस्ट्री में कोई गॉडफादर नहीं है. रित्विका कहती हैं कि, “अगर आज आपको कोई टीवी शो मिल भी जाता है तो ज्यादा चांसेज यही हैं कि आप ‘बहू’ या ‘खलनायक’ या ‘सास’ के रूप में टाइपकास्ट होने जा रहे हैं. लेकिन इसके उलट सोशल मीडिया और ओटीटी के पात्रों में अधिक गहराई और स्तर है.”
आजकल जब टीवी या फिल्म के लिए किसी एक्टर या एंकर का लोग चयन करते हैं, तो वो न केवल आपके हुनर को देखते हैं, बल्कि यह भी देखते हैं कि आपके इंस्टाग्राम पर कितने फॉलोवर्स हैं. तो क्या रित्विका को लगता है कि सोशल मीडिया पर इतनी फैन फॉलोइंग का उनको कोई फायदा है?
इस सवाल पर रित्विका बोलीं, “आपके पास टैलेंट होना सबसे जरूरी है. आप सोशल मीडिया पर सुपर फेमस हो सकते हैं, लेकिन यदि आप अपने निर्माता या निर्देशक के कहे अनुसार एक्टिंग नहीं कर सकते हैं, तो आपका इंडस्ट्री में टिकना बहुत मुश्किल हो जाएगा. यहां बहुत प्रतिस्पर्धा है और मुझे लगता है कि मेरे लिए अब तक जो काम किया है वह मेरा जुनून, धैर्य और दृढ़ता है. मैंने अब तक जो भी हासिल किया है, उसके लिए आभारी हूं.
पिछले साल रित्विका ने एक क्वारंटाइन डिजिटिल फिल्म ‘इंट्रूडर’में लीड रोल भी किया था. उस अनुभव के बारे में रित्विका ने बताया कि हमने वो फिल्म लॉकडाउन के दौरान बनाई और संसाधनों की सीमाओं के बावजूद, हमने कुछ अनूठा बनाया.













