श्रीनगर. श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को सुरक्षाबलों को ले जा रही एक बस के फिसल कर गहरी खाई में गिर जाने से भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के एक जवान की मौत हो गयी और कईं अन्य जवान घायल हो गए।
आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी है।
सूत्रों ने बताया कि आईटीबीपी के जवानों को श्रीनगर से जम्मू ले जा रही एक निजी बस आज सुबह करीब आठ बजे फिसलन की वजह से शैतान नाले के समीप 150 फुट गहरी खाई में गिर गई जिसमें एक जवान की मौत हो गयी और 30 से अधिक जवान घायल हो गए। बस में आईटीबीपी के कुल 40 जवान सवार थे।
सूत्रों के मुताबिक आईटीबीपी के जवानों ने यह बस किराये पर ली थी। सूत्रों ने बताया कि इस हादसे के बाद व्यापक पैमाने पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया है। एक जवान के लापता होने की भी सूचना है।




हादसे के तुरंत बाद बचाव एवं राहत कार्य शुरू कर दिया गया। पुलिस के साथ-साथ सेना के जवान भी बचाव कार्यों में जुटे हैं। स्थानीय लोग भी बचाव कार्यों में मदद दे रहे हैं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस हादसे में एक जवान की मौत हो गई है, जबकि 34 अन्य को बस के मलबों से निकाल लिया गया। घायलों को रामबन के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।














