सरधना में खेत पर गए युवक की गोली मारकर हत्या

भास्कर समाचार सेवा
मेरठ/सरधना। महादेव गांव में युवक की हत्या कर दी गई है। नलकूप पर गए 20 वर्षीय वत्सल के सीने में गोली मारकर वारदात को अंजाम दिया गया है। मृतक बीती रात खेतों की रखवाली के लिए नलकूप पर गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पंकज त्यागी पुत्र महेंद्र सिंह त्यागी निवासी ग्राम महादेव ने बताया, वत्सल त्यागी (21) पुत्र प्रदीप बीती रात ट्यूबवेल पर खेतों से आवारा पशु भगाने के लिए गया था। गांव के गोल्डी व सौरभ पुत्रगण नरेंद्र व अमित उर्फ बॉबी पुत्र रमेश चंद रंजिश रखते हैं। नामजद पहले से ही घात लगाकर बैठे थे। आरोप लगाया, तीनों ने मिलकर वत्सल को गोली मार दी। घायल अवस्था में वत्सल को अस्पताल पहुंचाया, जहा उसे मेडिकल मेरठ रेफर कर दिया गया। वत्सल की मेडिकल में इलाज के दौरान मृत्यु हो गयी। मृतक अपने पिता की इकलौती संतान था। हत्या के बाद आसपास दहशत का माहौल है और शोक की लहर है। इस संबंध में मृतक के चाचा ने हमलावरों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। इस बारे में इंस्पेक्टर लक्ष्मण वर्मा का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही हैं।
पिता की हत्या का लिया बदला
बता दें कि वर्ष 2015 में नरेंद्र पुत्र रमेशचंद की हत्या हो गई थी, जिसमें गांव के ही प्रदीप उर्फ नीटू यानी मृतक वत्सल के पिता व दीपक पुत्र धर्मवीर को नामजद किया गया था। माना जा रहा है कि अपने पिता की हत्या का बदला लेने के लिए गोल्डी व सौरभ ने अपने साथ अमित उर्फ बॉबी के साथ मिलकर वत्सल की हत्या की है। पुलिस मामले की जाँच में जुट गयी है।
किसी अन्य का हाथ होने की भी आशंका
सूत्रों के अनुसार पुलिस ने नामजदों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। वत्सल की हत्या में नामजदगी को लेकर कुछ ग्रामीण अलग सोच रख रहे है। वत्सल की हत्या में किसी अन्य का हाथ भी हो सकता है। जिस पर पुलिस भी काम कर रही है।

खबरें और भी हैं...