
भास्कर समाचार सेवा
टूंडला। राष्ट्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री काउंसिल,रेल मंत्रालय के सदस्य ग्राम बछगांव निवासी श्रीकृष्ण गौतम को केंद्रीय खाद्य उपभोक्ता एवं संरक्षण मंत्री भारत सरकार श्री पीयूष गोयल ने भारतीय खाद्य निगम उत्तर प्रदेश राज्य सलाहकार समिति का सदस्य मनोनीत किया है। इस समिति के चेयरमैन मेरठ के सांसद श्री राजेंद्र अग्रवाल एवं 15 अन्य सदस्यों का मनोनयन किया गया है। जिसकी बैठक 15 फरवरी 2023 को लखनऊ में सांसद श्री राजेंद्र अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित की जा रही है। इस बैठक में भाग लेने जा रहे श्री गौतम ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि सामाजिक कार्य करने के वजह से मुझे भारत सरकार के इस प्रतिष्ठित संस्थान में सलाहकार समिति का सदस्य बनने का मौका मिला है। इसके लिए मैं केंद्रीय मंत्री का आभारी हूं। खाद्य भंडारण, खाद्यानों की खरीद और वितरण, खाद्यानों की गुणवत्ता, एवम मार्गस्थ एवम भंडारण की हानियां,भंडारण की बिक्री एवम निपटान अंत्योदय एवम गरीबी रेखा से ऊपर और नीचे आवंटन, उठान और वास्तविक वितरण पर केंद्र सरकार और राज्य सरकार के बीच तालमेल बैठाने के संबंध में सुझाव रखूंगा। अपने गृह जनपद फिरोजाबाद में ज्यादा से ज्यादा भारतीय खाद्य निगम के गोदाम स्थापित कराए जाने की मांग रखेंगे जिससे कि खाद्यान्नों के भंडारण एवं आवाजाही की सुविधा बढ़ सके। गोदामों के सुधार, रसद दक्षता, माइक्रो बीमा पॉलिसी तथा प्रदेश के सभी गोदामों को वेयर हाउसिंग डेवलपमेंट रेगुलेटरी अथॉरिटी के अंतर्गत पंजीकृत कराने, सार्वजनिक वितरण प्रणाली उपभोक्ताओं को समय से खाद्यान्न पहुंचे और उसका सही वितरण हो मुद्दों पर प्रस्ताव रखकर परिचर्चा करेंगे। बैठक में भारतीय खाद्य निगम उत्तर प्रदेश के महाप्रबंधक एवं वरिष्ठ अधिकारी तथा राज्य शासन के खाद्य आयुक्त राज्य भंडारण निगम के प्रबंध निदेशक एवं केंद्रीय भंडारण निगम क्षेत्रीय प्रबंधक भी उपस्थित रहें।












