
भास्कर समाचार सेवा बागपत। यूपी बोर्ड की परीक्षाएं आज से कड़े सुरक्षा बंदोबस्तों के बीच शुरू हो गई। जिले के 43 केंद्रों पर जिले से 31669 परीक्षार्थी आगामी हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में शामिल होने जा रहे हैं। इनमें 10वीं की परीक्षा के लिए 16086 और इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए 15583 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। पहली पाली की परीक्षा सुबह 8 बजे से 11:15 तक आयोजित होगी जिसमें हाईस्कूल के परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया। द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर दो बजे से शुरू होगी। वहीं परीक्षा को लेकर पुलिस द्वारा माकूल सुरक्षा बंदोबस्त किए गए थे। सभी परीक्षाकेंद्रों के आसपास धारा 144 लागू को पहले ही लागू कर दिया गया था। परीक्षा केंद्र के आसपास पुलिसबल तैनात किया गया था। खेतों के आसपास स्थित उन परीक्षाकेंद्रों पर अधिक नजर रखी गई जहां पर शिक्षा माफियाओं के सक्रिय होने का खतरा था। सघन चेकिंग के बाद ही परीक्षार्थियों को केंद्र के अंदर प्रवेश दिया जा रहा था।












