
भास्कर समाचार सेवा मुरादनगर। गांव जलालपुर स्थित बच्चों के शमशान में रातों रात लगी भगवान हनुमान जी की मूर्ति के मामले में भाजपा सरकार में एक प्रदेश मंत्री के करीबी तथाकथित रिश्तेदार की ओर ग्रामीण दबी जबान में इशारा कर रहे हैं। वह रिश्तेदार जमीन खरीदने व बेचने का धंधा करता है। एसडीएम मोदीनगर को शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। बता दें कि जलालपुर रोड स्थित गांव जलालपुर में बच्चों के शमशान में अज्ञात लोगों ने बधुवार की रात को भगवान हनुमान जी की मूर्ति लगा दी। सुबह शमशान में मूर्ति लगी देख ग्रामीणों एकत्र होकर हंगामा करने लगे। भगवान हनुमान की मूर्ति लगने की सूचना पर भाजपा व बजरंग दल के कार्यकर्ता पहुंच गए। दोनों पक्षों में विरोध शुरू हो गया। सूचना पुलिस को मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस व कानूनगो आलोक कुमार ने मौके पर पहुंची लोगों को समझकर शांत किया। कानूनगो आलोक कुमार ने बताया कि जहां भगवान हनुमान की मूर्ति लगाई गई है। वह जमीन गांव जलालपुर की ग्राम समाज की भूमि है। मामले को जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी है। प्रधान लोकेश जाटव ने बताया कि भूमि गांव जलालपुर ग्राम समाज की भूमि है। तथा यहां पर बच्चों का शमशान है। वहीं अब ग्रामीण दबी जुबान में जमीन खरीदने व बेचने का धंधा करने वाले भाजपा के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी की सरकार के मंत्री के करीबी तथाकथित रिश्तेदार की ओर इशारा कर रहे हैं। ताकि वह करोड़ो की जमीन को मंदिर के नाम पर हड़प सके। मोदीनगर एसडीएम शुभांगी शुक्ला का कहना है कि मुरादनगर थाना प्रभारी सतीश कुमार को मामले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। तथा मामले की जांच की जा रही है।












