
भास्कर समाचार सेवा
नजीबाबाद।भागूवाला बाइपास तिराहे के निकट निर्माणाधीन पेट्रोल पंप के सामने बृहस्पतिवार को करीब दो बजे एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक पर सवार नांगल क्षेत्र के गांव दहिरपुर निवासी दो युवक जुबैर और सुलेमान भागूवाला से नजीबाबाद दिशा में जा रहे थे। अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को उपचार के लिए नजीबाबाद के निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जुबैर को मृत घोषित कर दिया। सुलेमान को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया।
उधर, जलालाबाद बाईपास के निकट बुधवार की देर शाम दो बाइक और एक कार भिडंत हो गई। बाइक पर सवार अमरोहा के खालकपुर खुर्द निवासी मोहित, अर्पित और दूसरी बाइक पर सवार सोनू, रोहित कांवड़ लेने हरिद्वार जा रहे थे। जलालाबाद की दिशा से आ रही एक कार ने दोनों बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में मोहित और अर्पित गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके दो अन्य साथियों को मामूली चोटें आईं। नजीबाबाद के अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद मोहित और अर्पित को मुजफ्फरनगर के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बाइक और कार को कब्जे में लिया।












