
भास्कर समाचार सेवा
मुरादनगर। पुलिस कमिश्नर अजय कुमार मिश्रा ने मोबाइल व्यापारी मृतक मुकेश गोयल हत्याकांड पर बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे रोड चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक भुवनेश कुमार, उपनिरीक्षक शुभम व आरक्षी 62 मोनू कुमार को लापरवाही को बरतने के संबंध में निलंबित किया है। बदमाश विशाल चौधरी उर्फ मोनू पर 50 हजार रुपए का ईनाम घोषित किया है। बता दें कि 23 मई को सुबह करीब समय 9 बजे दिल्ली मेरठ रोड स्थित पुलिस चौकी के सामने मृतक मुकेश गोयल मोबाइल की दुकान पर बैठा था । अचानक बुलेट बाइक पर चेहरे पर कपड़ा बांधे आए अज्ञात दो बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी। परिजन ने अज्ञात बदमाशो के खिलाफ तहरीर दी थी। पुलिस ने परिजन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस चौकी के सामने व्यापारी की हत्याकांड में पुलिस की लापरवाही पर लोगों ने सवाल उठाए थे। कमिश्नरेट अजय कुमार मिश्रा ने एसीपी निमिष पाटिल को जांच सौंपी थी। एसीपी निमिष पाटिल की जांच में चौकी पर तैनात चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक भुवनेश कुमार, उपनिरीक्षक शुभम व आरक्षी 62 मोनू कुमार को लापरवाही बरतने के सम्बन्ध में दोषी पाए गए। कमिश्नरेट अजय कुमार मिश्रा ने तीनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया। वहीं गांव उखलारसी निवासी विशाल चौधरी उर्फ मोनू के 25 हजार रुपए के ईनाम को बढ़कर 50 हजार रुपए का ईनाम घोषित कर दिया।













