
हादसे में युवक की दर्दनाक मौत, ट्रेन का हॉर्न नहीं दिया सुनाई, महिला का इशारा भी नहीं समझा
बुलन्दशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के शनिदेव मंदिर के पास रेलवे ट्रैक पर दर्दनाक हादसा हो गया।
यहां रेलवे लाइन से गुजर रहे युवक की ट्रेन की जद में आकर दर्दनाक मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक़ युवक के दोनों कानों में ईयरबड्स लगे थे जबकि हादसे के दौरान वह मोबाइल में भी व्यस्त था। स्थानीय निवासी पूनम ने बताया शुक्रवार दोपहर क़रीब 12:30 बजे युवक रेलवे लाइन पर चल रहा था। युवक के हाथ में मोबाइल था जबकि उसके दोनों कानों में ईयरबड्स लगे थे। पूनम के मुताबिक युवक शायद मोबाइल में म्यूजिक सुन रहा था। वहीं, ट्रेन के मुसलसल हॉर्न बजाने पर भी युवक ट्रैक से नहीं हटा, शायद युवक को हॉर्न सुनाई नहीं दिया। जबकि पूनम ने भी युवक को रेलवे लाइन से हटने का इशारा किया था। मग़र युवक कुछ भी समझ पाता उससे पहले वह ट्रेन की चपेट में आ गया। वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम को भिजवा दिया है। जबकि मृतक की पहचान कस्तूरा गांव निवासी केशव के रूप में हुई है। वहीं, हादसे की ख़बर के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा है।













