चलती स्कूल वैन बनी आज का गोला, देखे फिर क्या हुआ…

धमतरी । रुद्री रोड पर आज सुबह ओजस्वी नर्सिंग होम के निकट सुबह-सुबह एक मैजिक गाड़ी में आग लग गई। पुलिस के जवानों और सूचना पर पहुँची नगर निगम के फायर ब्रिगेड गाड़ी से आग पर काबू पाया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

मैजिक गाड़ी प्रतिदिन आकृति प्ले स्कूल और केन एकेडमी के स्कूली बच्चों को लाने और वापस घर पहुंचाने का काम करती है। रोज की तरह ग्राम कंवर निवासी वाहन चालक मनोज यादव गांव से शहर आकर वाहन क्रमांक सीजी 07 टी 3372 से बच्चों को लाने बागतराई जा रहा था। अचानक ओजस्वी नर्सिंग होम के निकट मैजिक गाड़ी में आग लग गई। इससे वाहन चालक घबरा गया। आग लगते ही चालक गाड़ी से निकल गया।

उसी समय वहां से गुजर रहे यातायात विभाग के पुलिस जवान आर कौशल नेताम ने तुरंत अपने सहयोगी टीकू ध्रुव को फोन कर बुलाया। घटना की तत्काल सूचना कन्ट्रोल रूम और यातायात की पेट्रोलिंग टीम को दी गई। वे गाड़ी में लगी आग को अपने स्तर से बुझाने का प्रयास करने लगे। बाद में निगम की फायर ब्रिगेड गाड़ी पहुंची, तब तक मैजिक गाड़ी पूरी तरह जल चुकी थी। संयोग वश उसमें उस वक्त स्कूली बच्चे नहीं थे, अन्यथा बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।

गाड़ी में आग लगने की स्पष्ट वजह फिलहाल पता नहीं लग पा रही। संभवतः शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी कोमल नेताम ने बताया कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। वाहन चालक सुरक्षित है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha