
• पुलिस की पूछताछ में हुआ खुलासा, पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल
घाटमपुर के कठेठा गांव में किशोर की गला घोटकर हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे में हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया, आरोपी ने पुलिस को बताया कि किशोर की बहन से उसका प्रेम प्रसंग था, इस बात की जानकारी किशोर को हो गई थी, वह घरवालों को बताने की जिद पर अड़ा था, उसने कई बार किशोर को समझाने की कोशिश की पर वह नहीं माना, जिसपर उसने किशोर की हत्या कर दी। हत्यारोपी किशोर का रिश्ते में मामा लगता है। पुलिस ने परिजनो को हत्याकांड के बारे में जानकारी दी तो वह भी दंग रह गए। पुलिस ने आरोपी को मंगलवार को न्यायालय में पेशकर जेल भेज दिया है।
घाटमपुर थाना क्षेत्र के कठेठा निवासी संतोष सिंह का 15 वर्षीय बेटे प्रतीक उर्फ कृष्णा सिंह का शव बीती शनिवार को खेत किनारे माइनर पर पड़ा मिला था, उसी के लोवर से उसका गला घोंटकर हत्या की गई थी, पिता ने पुलिस को बताया था, कि किशोर खेत में साइकिल लेकर मवेशियों देखने के लिए गया था, घटनास्थल के पास किशोर की साइकिल स्टैंड में ताला लगी खड़ी मिली थी, पोस्टमार्टम होने के बाद रविवार शाम परिजनो ने किशोर के शव का अंतिम संस्कार मूसानगर स्थित एक घाट में विधि विधान के साथ किया था। पिता के गांव के रहने वाले बउरा और उनके बेटे अवधेश के खिलाफ हत्या की आशंका जताते हुए मुकदमा दर्ज कराया था, पुलिस ने परिजनो समेत संदिग्धों की काल डिटेल और सीडीआर खंगाली तो आशुतोष की उसके घर वाले नंबर पर रात में ज्यादा बात होती पाई। पुलिस ने आशुतोष को सोमवार को हिरासत में लेकर कढ़ाई से पूछताछ की तो आरोपी ने अपना जुर्म कबूल लिया। आशुतोष ने पुलिस को बताया कि किशोर ने उसे अपनी बहन से मिलते देख लिया था, यह बात वह परिजनो को बताने के जिद पर अड़ा था, उसने काफी संख्या पर वह नहीं माना, जिसके बाद उसने किशोर की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने हत्यारोपी को न्यायालय में पेशकर जेल भेज दिया है। घाटमपुर इंस्पेक्टर दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया कि हत्यारोपी आशुतोष को न्यायालय में पेशकर जेल भेजा गया है। घटना की जांच पड़ताल की जा रही है।
पहले गला दबाकर मारा, फिर माइनर में फेंका
हत्यारोपी आशुतोष ने पुलिस को बताया कि शनिवार दोपहर एक बजे किशोर घर के बाहर खड़ा था। खेत से मवेशी भगाने की बात कहकर वह उसे अपने साथ खेत पर ले गया। सूनसान पाकर पहले उसकी साइकिल खड़ी की। फिर किशोर को गिराकर उसके सीने के ऊपर बैठ गया और हाथों से गला घोट दिया। किशोर चिल्लाया तो उसने मुंह में रुमाल ठूंसकर उसका मुंह बंद कर दिया। मरने के बाद उसने किशोर के लोवर से नाड़ा निकालकर उसका गला कस दिया, इसके बाद उसने खेत के पास से निकले माइनर में किशोर के शव को फेंक दिया था।
मृतक की मां का फुफेरा भाई है आरोपी
हत्यारोपित आशुतोष ने बताया कि हत्या करने के बाद वह काफी डर गया था, गांव में जब पुलिस पहुंची तो वह बाइक लेकर हथेही गांव में अपने जीजा के यहां चला गया, जब गांव में ज्यादा पुलिस होने की जानकारी मिली और यह पता चला कि पुलिस पता लगा रही है, कि गांव से कौन गायब है, पुलिस का शक उसपर न जाए इसलिए वह वापस गांव लौट आया, और पुलिस के सामने बना रहा। आशुतोष खुद फोरेंसिक टीम को बाइक से घटनास्थल तक लेकर गया था, वह लगातार पुलिस के सामने बना रहा। और पुलिस अधिकारियों की बाते सुनता रहा। हत्यारोपी मृतक किशोर की मां का फुफेरा भाई है।
किशोर के साथ खेत जाते देखा गया, पूछने पर इंकार करने से खुला राज
घाटमपुर इंस्पेक्टर दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया कि ग्रामीणों ने उन्हें किशोर के साथ आशुतोष को साइकिल से जाते देखने की बात बताई थी, जब उन्होंने आशुतोष से पूछताछ की तो उसने साथ जाने वाली बात से साफ इनकार कर दिया। वह कहता रहा कि वह खेत तक साथ नहीं गया था। कॉल डिटेल और सीडीआर के आधार पर बातचीत की गई तो हत्यारोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस मंगलवार को आरोपी को न्यायालय में पेशकर जेल भेज दिया है।











