फर्रुखाबाद में दर्दनाक सड़क हादसा: अनियंत्रित डंपर ने तीन चचेरे भाइयों को रौंदा, फिर पेड़ उखाड़कर

फर्रुखाबाद/नवाबगंज। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में शनिवार की देर रात एक रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। कस्बा व थाना नवाबगंज के मुख्य चौराहे पर एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों भाइयों के शरीर के चीथड़े उड़ गए और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में कोहराम मच गया और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।

तीन चचेरे भाइयों की दर्दनाक मौत, बजरी लदा डंपर बना काल

हादसे का शिकार हुए तीनों युवक जनपद एटा के थाना नया गांव के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान पुष्पेंद्र (20), अर्पित यादव (18) और निशु (15) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, तीनों चचेरे भाई शनिवार शाम घर से खेत पर जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। देर रात नवाबगंज चौराहे पर राजस्थान नंबर के बजरी लदे डंपर ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे की विभीषणता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बाइक को रौंदने के बाद डंपर एक पुराने पेड़ को उखाड़ता हुआ सीधे एक दुकान में जा घुसा, जिससे वहां खड़ी एक कार भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

सोशल मीडिया की मदद से हुई शिनाख्त, डंपर चालक फरार

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बाइक के नंबर और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की मदद से मृतकों की शिनाख्त की और एटा में उनके परिजनों को सूचना दी। पुलिस के मुताबिक, हादसा अंजाम देने के बाद डंपर चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा भरकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त डंपर को अपने कब्जे में ले लिया है।

स्थानीय लोगों का फूटा गुस्सा, सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

हादसे के बाद नवाबगंज कस्बे के लोगों में गहरा रोष व्याप्त है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि मुख्य चौराहा होने के बावजूद यहां न तो गति अवरोधक (ब्रेकर) बनाए गए हैं और न ही रात के समय रोशनी के लिए हाई मास्क लाइट की व्यवस्था है। लोगों का आरोप है कि अंधेरे और तेज रफ्तार के कारण आए दिन यहां दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए चौराहे पर पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए जाएं।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

69 + = 74
Powered by MathCaptcha