‘कसाई’ पति: पत्नी की बेरहमी से हत्या कर 5 महीने तक मनाता रहा अय्याशी, मोबाइल से खुले अवैध संबंधों के काले राज

झालावाड़: राजस्थान के झालावाड़ जिले के बहुचर्चित रेणु उर्फ निमंता हत्याकांड में एक ऐसा घिनौना मोड़ आया है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी पति देवीकृपाल उर्फ डेविड ने पूछताछ में जो खुलासे किए हैं, उन्हें सुनकर पुलिस अधिकारी भी दंग रह गए। अपनी पत्नी को मौत के घाट उतारने के बाद आरोपी फरार चल रहा था, लेकिन इस फरारी के दौरान वह पछतावे के बजाय अलग-अलग होटलों में लड़कियों और महिलाओं के साथ रंगरलियां मना रहा था। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल से कई युवतियों की तस्वीरें और आपत्तिजनक चैट बरामद की हैं।

5 महीने बाद कोटा से दबोचा गया 25 हजारी इनामी, पुलिस की गाड़ी को मारी टक्कर

झालावाड़ पुलिस ने करीब पांच महीने की कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी देवीकृपाल को कोटा के आरकेपुरम इलाके से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तारी का मंजर भी किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था; खुद को घिरता देख आरोपी ने अपनी कार से पुलिस के वाहन को जोरदार टक्कर मारकर भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उसे दबोच लिया। आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया गया था। पूछताछ में उसने अपनी पत्नी की हत्या करने का जुर्म कबूल कर लिया है।

शरीर पर 19 जख्म और सीढ़ियों से गिरने का झूठा नाटक

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के अनुसार, 6 नवंबर 2025 की उस खौफनाक रात को रेणु की हत्या बेहद बेरहमी से की गई थी। शुरुआत में ससुराल पक्ष और पति ने इसे ‘सीढ़ियों से गिरने’ का हादसा बताकर मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की थी। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने झूठ की परतें उधेड़ दीं। रेणु के शरीर पर चोटों के 19 गंभीर निशान पाए गए, जो चीख-चीखकर गवाही दे रहे थे कि उसे पीट-पीटकर मारा गया है। एफएसएल (FSL) टीम की वैज्ञानिक जांच ने भी पुष्टि कर दी कि यह हादसा नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत किया गया कत्ल था।

‘अवैध संबंधों’ की बलि चढ़ी रेणु, फरारी में भी जारी रही अय्याशी

जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि देवीकृपाल के कई अन्य महिलाओं के साथ अवैध संबंध थे। जब रेणु को इस बात की भनक लगी और उसने विरोध शुरू किया, तो घर में आए दिन झगड़े होने लगे। रेणु ने अपने ससुराल वालों को भी इस बारे में बताया था, जिससे डेविड और ज्यादा भड़क गया। उसने रेणु को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया। हैरान करने वाली बात यह है कि हत्या के बाद जब पुलिस उसकी तलाश में भटक रही थी, तब वह अलग-अलग शहरों के होटलों में ठहरकर अन्य महिलाओं के साथ संबंध बना रहा था।

हत्या वाली रात की पूरी इनसाइड स्टोरी

वारदात वाली रात आरोपी के भांजे कोमल मीणा ने एक होटल में कमरा बुक किया था, जहाँ शराब पार्टी हुई। रात करीब 2 बजे देवीकृपाल होटल से निकला और घर जाकर वारदात को अंजाम दिया। सुबह 5 बजे वह और उसका भांजा रेणु के शव को लेकर अकलेरा अस्पताल पहुंचे, लेकिन जैसे ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया, दोनों वहां से रफूचक्कर हो गए। आरोपी अपने घर और अंतिम संस्कार में भी शामिल नहीं हुआ, जिससे पुलिस का शक यकीन में बदल गया। फिलहाल पुलिस कोमल मीणा और एक अन्य सहयोगी की तलाश में छापेमारी कर रही है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment