कानपुर में रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात: सनकी पिता ने जुड़वा बेटियों का गला रेता, पत्नी के खुलासे ने उड़ाए पुलिस के होश….देखें VIDEO

कानपुर। उत्तर प्रदेश के औद्योगिक शहर कानपुर से एक ऐसी रूहानी वारदात सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। एक पिता, जिसे रक्षक होना चाहिए था, वही अपनी 11 साल की मासूम जुड़वा बेटियों—रिद्धि और सिद्धि—का भक्षक बन गया। आरोपी पिता अभिरंजन मिश्रा ने कथित तौर पर डिप्रेशन और पारिवारिक कलह के चलते अपनी दोनों बेटियों की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस भी खून से सने कमरे और मासूमों के शव देखकर दंग रह गई।

लव मैरिज से शुरू हुआ सफर, खूनी मोड़ पर खत्म

वारदात के बाद आरोपी की पत्नी रेशमा ने जो खुलासे किए हैं, वे किसी डरावनी फिल्म की पटकथा जैसे लगते हैं। रेशमा के अनुसार, साल 2014 में उन्होंने अभिरंजन से लव मैरिज की थी। रेशमा पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी की रहने वाली हैं, जबकि अभिरंजन बिहार का निवासी है। दोनों की मुलाकात कानपुर में नौकरी के दौरान हुई थी। शुरुआती दिनों में रिश्ता बेहद खूबसूरत था, लेकिन धीरे-धीरे शराब और शक ने घर को नर्क बना दिया।

शराब, मारपीट और बेटियों को बंधक बनाने की जिद

रेशमा ने पुलिस को बताया कि अभिरंजन अक्सर शराब के नशे में उनके साथ हिंसक मारपीट करता था। वह उन्हें मायके जाने से रोकता था और हर वक्त पाबंदियां लगाता था। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी अक्सर रेशमा से कहता था कि वह अपने बेटे को लेकर कहीं भी चली जाए, लेकिन वह दोनों बेटियों को अपने पास ही रखेगा। बेटियों के प्रति उसका यह लगाव किसी सनक में बदल चुका था।

रहस्यमयी कमरा और CCTV का पहरा

इस मामले में सबसे रहस्यमयी पहलू घर के भीतर कैमरों का जाल है। रेशमा के मुताबिक, अभिरंजन ने घर के अंदर, खासकर अपने कमरे में कई CCTV कैमरे लगवा रखे थे। उसे कमरे में किसी का प्रवेश बर्दाश्त नहीं था। रेशमा ने बताया, “मुझे खुद उस कमरे में जाने की इजाजत नहीं थी। मैं बस बाहर लगी स्क्रीन पर सीसीटीवी फुटेज देखा करती थी।” घर के भीतर इस तरह के माहौल ने मासूम बेटियों को एक अदृश्य जेल में कैद कर रखा था।

“मैं जाऊंगा तो बेटियों को भी साथ ले जाऊंगा”

रेशमा ने बताया कि वह 9 महीने पहले अपने बेटे को लेकर मायके चली गई थीं, लेकिन अभिरंजन ने बेटियों को साथ नहीं जाने दिया। ममता के वश में होकर वह वापस तो आ गईं, लेकिन उन्हें क्या पता था कि पति के मन में मौत का तांडव चल रहा है। रेशमा के अनुसार, आरोपी बार-बार कहता था कि वह मरना चाहता है और अपनी बेटियों को भी इस दुनिया से अपने साथ ले जाएगा।

पुलिस अब आरोपी के डिप्रेशन, शराब की लत और पत्नी के इन गंभीर आरोपों को आधार बनाकर मामले की जांच कर रही है। इलाके में इस दोहरे हत्याकांड के बाद मातम पसरा हुआ है और हर कोई बस यही पूछ रहा है कि आखिर कोई पिता इतना निर्दयी कैसे हो सकता है?

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment