
फर्रुखाबाद: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में पिछले दिनों काली नदी के किनारे मिली अज्ञात युवती की लाश की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। यह मामला महज एक हत्या का नहीं, बल्कि प्रेम प्रसंग में उपजे प्रतिशोध और खौफनाक अंजाम का निकला। पुलिस ने सोमवार को हत्या के मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उसके पास से कत्ल में इस्तेमाल चाकू, बाइक और गमछा भी बरामद कर लिया गया है।
सोशल मीडिया के जरिए हुई मृतका की शिनाख्त
अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि बीती 17 अप्रैल को जहानगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत काली नदी के पास एक युवती का शव मिला था। शुरुआत में शव की पहचान नहीं हो पाई थी, जिसके बाद पुलिस ने डीसीआरबी और सोशल मीडिया का सहारा लिया। व्यापक प्रचार-प्रसार के बाद मृतका की पहचान कन्नौज जिले के छिबरामऊ निवासी अहिबरन सिंह पाल की 18 वर्षीय पुत्री प्रतीक्षा पाल उर्फ अंशिका के रूप में हुई। शिनाख्त के बाद मृतका के भाई ने जहानगंज थाने में अनीस नाम के युवक के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था।
3 साल का प्यार और फिर खूनी रंजिश
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपित अनीस, जो कि सेंट्रल जेल चौराहे का निवासी है, ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। अनीस ने बताया कि उसके और अंशिका के बीच पिछले तीन साल से प्रेम संबंध थे। हालांकि, पिछले कुछ समय से उसे शक होने लगा था कि अंशिका उससे दूरी बना रही है और किसी अन्य युवक के संपर्क में है। इसी ‘बेवफाई’ के शक ने अनीस को हत्यारा बना दिया। वह अंशिका को रास्ते से हटाने की साजिश रचने लगा।
बातों में उलझाकर बाइक पर बैठाया और रेत दिया गला
वारदात वाले दिन आरोपित चाकू लेकर अंशिका के घर पहुँचा और उसे बातचीत करने के बहाने अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर काली नदी पुल के पास ले गया। वहां सुनसान झाड़ियों में दोनों के बीच कहासुनी हुई। गुस्से में आकर अनीस ने अपने पास रखे चाकू से अंशिका के गले पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। जब उसे यकीन हो गया कि अंशिका की मौत हो चुकी है, तो वह मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपित को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया है। इस पत्रकार वार्ता के दौरान सीओ मोहम्मदाबाद अजय वर्मा समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।










