फतेहपुर। जनपद के गाजीपुर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां मामूली विवाद के बाद एक प्रेमी ने अपनी शादीशुदा प्रेमिका की दुपट्टे से गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद ललौली थाने पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए आत्मसमर्पण कर दिया।
शादी के कुछ दिन बाद ही पति को छोड़ प्रेमी के साथ रहने लगी थी मृतका
मृतका की पहचान 27 वर्षीय राखी उर्फ मालती देवी के रूप में हुई है, जो असोथर थाना क्षेत्र के कैथनपुरवा की रहने वाली थी। जानकारी के अनुसार, करीब 6 वर्ष पहले राखी की शादी जितेंद्र रैदास से हुई थी, लेकिन शादी के कुछ ही दिनों बाद वह अपने पति को छोड़कर प्रेमी राजपाल उर्फ विजय रैदास के साथ रहने लगी थी। राखी की एक 5 वर्षीय पुत्री ‘पायल’ भी है।
हत्या के बाद खुद थाने पहुंचा आरोपी
पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 11 बजे बहादुरपुर गांव स्थित घर में दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ा कि राजपाल ने राखी के ही दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या करने के बाद राजपाल सीधा ललौली थाने पहुंचा और पुलिसकर्मियों को बताया कि उसने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी है और शव घर के अंदर पड़ा है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी हनुमान प्रताप सूर्यवंशी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं, एएसपी ज्ञानप्रकाश राय, सीओ ब्रजमोहन राय और फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। फॉरेंसिक टीम ने मृतका के गले और आसपास के स्थानों से फिंगरप्रिंट व अन्य साक्ष्य संकलित किए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस की कार्रवाई:
-
थाना प्रभारी ने बताया कि महिला अपने पहले पति से कानूनी रूप से अलग हुए बिना प्रेमी के साथ रह रही थी।
-
ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से दोनों के बीच लगातार झगड़े हो रहे थे।
-
मृतका की मां सुशीला देवी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी राजपाल के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।










