बंगाल में TMC नेता चंद्रनाथ रथ हत्याकांड: UPI पेमेंट ने खोल दी शूटर्स की पोल, पुलिस ने यूपी-बिहार से 3 बदमाशों को दबोचा

कोलकाता/नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में चुनावी रंजिश और हिंसा के बीच टीएमसी नेता चंद्रनाथ रथ की सनसनीखेज हत्या के मामले में बंगाल पुलिस और सीआईडी को बड़ी कामयाबी मिली है। जांच टीम ने इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड में शामिल तीन मुख्य शूटर्स को बिहार और उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मयंक राज मिश्रा, विक्की मौर्य और राज सिंह के रूप में हुई है।

यूपी-बिहार में छापेमारी, अयोध्या से दबोचा गया मुख्य आरोपी

सीआईडी (CID) पश्चिम बंगाल के मुताबिक, 10 मई को एक बड़े ऑपरेशन के तहत मयंक राज मिश्रा और विक्की मौर्य को बिहार के बक्सर से गिरफ्तार किया गया। वहीं, तीसरे आरोपी राज सिंह को उत्तर प्रदेश के बलिया से दबोचा गया। जानकारी के अनुसार, राज सिंह मूल रूप से बक्सर का रहने वाला है, लेकिन वारदात को अंजाम देने के बाद वह अपनी पहचान छिपाने के लिए अयोध्या में शरण लिए हुए था। कोलकाता पुलिस और अयोध्या पुलिस के ज्वॉइंट ऑपरेशन के बाद उसे गिरफ्तार कर कोलकाता ले जाया गया है।

एक डिजिटल ट्रांजेक्शन और ‘गेम ओवर’, टोल बूथ पर फंसा कातिल

शातिर शूटरों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस का सहारा लिया। जांच के दौरान कोलकाता के पास एक टोल बूथ पर किया गया UPI पेमेंट पुलिस के लिए सबसे बड़ा सुराग साबित हुआ। स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) टोल प्लाजा पर संदिग्धों के डिजिटल लेन-देन और सीसीटीवी फुटेज को ट्रैक कर रही थी। इस एक पेमेंट ने न केवल आरोपियों की पहचान उजागर की, बल्कि वारदात के बाद उनके भागने के रास्ते का भी कच्चा चिट्ठा पुलिस के सामने खोल दिया।

सटीक मुखबिरी और प्रोफेशनल तरीके से किया गया मर्डर

6 मई की रात उत्तर 24 परगना के मध्यमग्राम में जिस तरह से चंद्रनाथ रथ की हत्या की गई, वह किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं था। हमलावरों ने उनकी एसयूवी को घर से महज 200 मीटर पहले एक सिल्वर रंग की निसान माइक्रा कार से रास्ता रोककर फंसाया। जैसे ही गाड़ी रुकी, बाइक सवार बदमाशों ने चंद्रनाथ पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

जांच अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों को यह ठीक-ठीक पता था कि चंद्रनाथ कार की अगली सीट पर बैठे हैं। इससे यह स्पष्ट होता है कि यह कोई अचानक हुई वारदात नहीं, बल्कि एक सोची-समझी पेशेवर साजिश थी। पुलिस अब इन शूटर्स के ‘मास्टरमाइंड’ की तलाश में जुटी है जिसने उन्हें सटीक जानकारी और लोकेशन मुहैया कराई थी।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment