ओयो होटल में चल रहे जिस्मफरोशी के खेल का पर्दाफाश, सीओ क्राइम की रेड में 5 महिलाएं और 4 युवक दबोचे

फतेहपुर। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र में ‘ओयो’ की आड़ में चल रहे जिस्मफरोशी के काले कारोबार का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। खजुहा रोड स्थित ‘रूद्रा होटल’ में लंबे समय से चल रहे इस अनैतिक धंधे की सूचना पर सीओ क्राइम ने बीती रात बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक स्थिति में 9 लोगों को हिरासत में लिया, जिसमें होटल संचालक और एक महिला दलाल भी शामिल है।

तीन महीने से बेखौफ चल रहा था जिस्मफरोशी का धंधा

बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के खजुहा रोड नहर पुलिया के पास स्थित रूद्रा होटल (OYO) पिछले तीन महीनों से देह व्यापार का अड्डा बना हुआ था। पुलिस को सूचना मिल रही थी कि यहाँ गरीब और जरूरतमंद महिलाओं व लड़कियों को बहला-फुसलाकर लाया जाता है और उनसे गलत काम कराया जाता है। बीती रात करीब 10 बजे सीओ क्राइम प्रगति यादव ने अपनी टीम के साथ होटल पर अचानक छापेमारी की, जिससे वहां भगदड़ मच गई।

कानपुर की महिला दलाल चला रही थी नेटवर्क

जांच में सामने आया है कि इस पूरे रैकेट का जाल कानपुर तक फैला हुआ था। औंग थाना क्षेत्र के खदरा गांव की रहने वाली एक महिला, जो वर्तमान में कानपुर में रहती है, इस गैंग की मुख्य कड़ी थी। वह कानपुर और आसपास के इलाकों से जरूरतमंद महिलाओं को होटल तक लाने और ग्राहकों से सौदा करने का काम करती थी। पुलिस ने इस महिला दलाल समेत पांच महिलाओं को मौके से पकड़ा है।

होटल संचालक समेत चार पर मुकदमा दर्ज

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह ने बताया कि छापेमारी के दौरान होटल संचालक विक्रम भदौरिया (निवासी दादनखेड़ा, कल्याणपुर) और अभिषेक मिश्रा (निवासी तेंदुली, बिंदकी) के अलावा प्रत्यूष पटेल (निवासी फरीदपुर) और एक अन्य को गिरफ्तार किया गया है। इन सभी के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पकड़ी गई महिलाओं को कड़ी चेतावनी देकर छोड़ा गया है, जबकि मुख्य आरोपियों को जेल भेजने की तैयारी है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment