लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बुधवार का दिन काल बनकर आया। प्रदेश के कई हिस्सों में आए भीषण आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली ने ऐसी तबाही मचाई कि देखते ही देखते खुशियां मातम में बदल गईं। कुदरत के इस कहर ने यूपी के अलग-अलग जिलों में भारी तबाही मचाई है, जिसमें अब तक लगभग 100 लोगों के जान गंवाने की खबर है। कहीं विशालकाय पेड़ उखड़कर जिंदगी पर भारी पड़ गए, तो कहीं कच्ची दीवारें और छतें ढहने से मासूम जिंदगियां मलबे में दफन हो गईं। मौसम का यह जानलेवा मिजाज देख हर कोई सहमा हुआ है।
मौत का आंकड़ा देख दहल जाएगा दिल: भदोही और प्रयागराज में सबसे ज्यादा तबाही
Up #बरेली के नन्हे मियां तेज तूफान में बारातघर की टीनशेड का पाया पकड़े खड़े थे आंधी तेज हुई तो टीनशेड उखड़ गई और उसके साथ नन्हे मियां हवा में उड़ गए जिससे उनके दोनों हाथ पांव टूट गए वो अब अस्पताल में भर्ती है। #up #bareilly pic.twitter.com/F5qEdzrERK
— sayma Khan journalist (@SaymaKh32639264) May 14, 2026
बुधवार को अचानक बदले मौसम ने प्रदेश के कई जिलों में ऐसी तबाही मचाई कि संभलने का मौका तक नहीं मिला। सरकारी आंकड़ों और प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रदेश भर में कुल 96 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। सबसे भीषण स्थिति भदोही में रही, जहां 18 लोगों ने अपनी जान गंवाई। वहीं, प्रयागराज में भी कुदरत ने कहर बरपाया और यहां 17 लोगों की मौत हो गई। मिर्जापुर में 15 और फतेहपुर में 10 लोगों के मारे जाने की खबर है। इसके अलावा उन्नाव, बदायूं, बरेली, प्रतापगढ़ समेत दर्जनों जिलों में भी मौतों का सिलसिला थमा नहीं है। प्रयागराज में मरने वालों में 8 पुरुष, 5 महिलाएं और 4 मासूम बच्चे शामिल हैं, जो इस विनाशकारी तूफान की भेंट चढ़ गए।
पलक झपकते ही उखड़ गए पेड़, जमींदोज हुए आशियाने
तूफान की रफ्तार इतनी तेज थी कि रास्ते में आने वाली हर चीज को उसने तहस-नहस कर दिया। भदोही के सुरियावां इलाके में एक विशाल पेड़ मकान पर जा गिरा, जिसके मलबे में दबने से एक महिला और उसकी दो बेटियों की दर्दनाक मौत हो गई। औराई थाना क्षेत्र में भी पेड़ के नीचे खड़े लोग काल के गाल में समा गए। आंधी-तूफान के साथ हुई भारी बारिश और बिजली गिरने से न केवल इंसानों बल्कि बेजुबान जानवरों पर भी आफत आई। अकेले प्रयागराज में ही 20 से ज्यादा मवेशी मारे गए हैं और दर्जनों मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
एक्शन मोड में सीएम योगी: 24 घंटे के भीतर राहत और मुआवजे का सख्त निर्देश
प्रदेश में मची इस भीषण तबाही पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। सीएम ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि अधिकारी तुरंत फील्ड पर उतरें और पीड़ितों को हर संभव मदद मुहैया कराएं। सीएम कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, बेमौसम बारिश और तूफान से प्रभावित हुए परिवारों को 24 घंटे के भीतर सहायता राशि और मुआवजा प्रदान किया जाए। सरकार ने स्पष्ट किया है कि राहत सामग्री पहुंचाने में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।














