फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से रिश्तों को कलंकित कर देने वाली एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहां के थरियांव थाना क्षेत्र के लतीफपुर गांव में एक कलयुगी बड़े भाई ने अपनी ही 16 वर्षीय सगी नाबालिग बहन को पिछले दो साल से हवस का शिकार बना रखा था। लोक-लाज और भाई की खौफनाक धमकियों के आगे बेबस पीड़िता घुट-घुट कर जी रही थी। लेकिन जब सब्र का बांध टूटा, तो सहेलियों की मदद से इस दरिंदगी का भंडाफोड़ हुआ। पुलिस ने आरोपी भाई के खिलाफ पोक्सो (POCSO) एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।
दहेज उत्पीड़न के मामले में पहले भी जेल जा चुका है आरोपी
इस घिनौनी वारदात का आरोपी कोई साधारण अपराधी नहीं, बल्कि पहले से ही आपराधिक प्रवृत्ति का है। ग्रामीणों और पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी भाई इससे पहले अपनी ही पत्नी को दहेज के लिए प्रताड़ित करने के आरोप में जेल की हवा खा चुका है। जेल से छूटने के बाद भी उसकी हरकतों में कोई सुधार नहीं आया और उसने घर के भीतर ही अपनी नाबालिग बहन पर गिद्ध नजरें गड़ा दीं।
धमकियों के साए में दो साल तक सहा नरक, सहेलियों ने ऐसे बचाया
पीड़िता ने पुलिस को दिए अपने बयान में रोंगटे खड़े कर देने वाली आपबीती सुनाई। पीड़िता ने बताया कि पिछले करीब दो वर्षों से उसका बड़ा भाई उसे जान से मारने और परिवार को तबाह करने की धमकी देकर लगातार उसका शारीरिक शोषण कर रहा था। लोक-लाज और खौफ के मारे वह घर में किसी को कुछ बताने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही थी, जिसका फायदा उठाकर आरोपी लगातार घिनौनी करतूत को अंजाम देता रहा।
घुट रही पीड़िता ने आखिरकार अपनी सहेलियों पर भरोसा किया और उन्हें रो-रोकर अपने साथ हो रही दरिंदगी के बारे में बताया। सहेलियों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए पीड़िता की आपबीती का एक वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और मामले को सीधे पुलिस के आला अधिकारियों तक पहुंचा दिया।
छोटी भाभी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज, पीड़िता को भेजा मेडिकल के लिए
जैसे ही इस संवेदनशील मामले की भनक थरियांव थाना पुलिस को लगी, महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस की एक टीम तुरंत लतीफपुर गांव पहुंची और पीड़िता का बयान दर्ज किया। इस मामले में पीड़िता की छोटी भाभी ने हिम्मत दिखाई और अपनी ही जेठ (आरोपी भाई) के खिलाफ थाने में लिखित तहरीर दी। पुलिस ने भाभी की तहरीर और पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी भाई के खिलाफ दुष्कर्म, पोक्सो एक्ट और जान-माल की धमकी देने का संगीन मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पीड़िता को सुरक्षा देते हुए मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा है।
फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश
घटना के बाद से ही आरोपी भाई पुलिस कार्रवाई के डर से गांव छोड़कर फरार हो गया है। थरियांव थाना प्रभारी निरीक्षक समशेर बहादुर सिंह ने बताया कि पीड़िता की भाभी की तहरीर पर नामजद केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि पीड़िता के मेडिकल परीक्षण की रिपोर्ट और अन्य पुख्ता साक्ष्यों के आधार पर कोर्ट में कड़ी चार्जशीट दाखिल कर आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी।











