नई दिल्ली। NEET पेपर लीक मामलों की सुनवाई कर रही राउज एवेन्यू कोर्ट स्थित स्पेशल फास्ट ट्रैक कोर्ट ने CBI द्वारा दाखिल की गई चार्जशीट के मीडिया में लीक होने और गवाहों के नाम सामने आने पर हैरानी जताई है। NEET पेपर लीक मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में जारी है। इसी बीच पेपर लीक मामले की चार्जशीट लीक होने का मामला सामने आया है। कोर्ट ने चार्जशीट लीक होने को ‘बड़ा झटका’ बताया है और मीडिया में गवाहों के नाम सामने आने पर हैरानी जताई है।
राउज एवेन्यू कोर्ट में बनी फास्ट-ट्रैक कोर्ट के स्पेशल जज अजय गुप्ता ने कहा, “इस बारे में कुछ करने की जरूरत है।” कोर्ट ने कहा कि जो चीजें चर्चा में नहीं आई हैं, लेकिन चार्जशीट का हिस्सा हैं, आप कह सकते हैं कि वे जांच के दायरे में हैं। जज ने कहा, “यह मेरे लिए बहुत बड़ा झटका है, आप जानते हैं?” उन्होंने कहा कि इस संबंध में कुछ किया जाना चाहिए। कोर्ट ने यह भी कहा कि यह मीडिया समेत सभी संबंधित लोगों की जिम्मेदारी है कि ट्रायल में किसी तरह का भेदभाव न हो।
कानून के अनुसार ही होना चाहिए ट्रायल
सुनवाई के दौरान जज ने आगे कहा, “मैं तो एक बात कह रहा हूं। ओपन कोर्ट में… देखो मीडिया की भी एक जिम्मेदारी बनती है। हमारी सबकी जिम्मेदारी बनती है। ट्रायल जिस तरह से क्रिमिनल लॉ में लिखा है, वैसे ही होना चाहिए। कोई भी भेदभाव नहीं होना चाहिए। तो मैं तो सब लोगों से कहूंगा कि अगर ऐसी रिपोर्टिंग है तो, उन्हें ऐसी चीजें नहीं करनी चाहिए।”
दरअसल, कोर्ट ने यह टिप्पणी तब की जब CBI की तरफ से पेश हुए वकील ने बताया कि मीडिया में गवाहों के नाम बताए गए थे, जिनमें से कुछ नाबालिग हैं। आरोपियों की तरफ से पेश हुए वकील ने भी कहा कि इससे उनके केस पर बुरा असर पड़ सकता है और कोर्ट में चार्जशीट फाइल होने से पहले ही मीडिया के पास उसकी कॉपी थी।
रिपोर्ट की जांच करेगा कोर्ट
इस मामले पर कोर्ट ने कहा कि वह रिपोर्ट की जांच करेगा और देखेगा कि क्या करने की जरूरत है। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि ट्रायल की प्रक्रिया कानून के अनुसार होनी चाहिए और किसी भी पक्ष के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए।
आपको बता दें कि CBI ने NEET UG पेपर लीक मामले में लगभग 20,000 पेज की चार्जशीट दाखिल की है। इसमें 13 लोगों को आरोपी बनाया गया है। चार्जशीट में CBI ने कहा है कि तीन सब्जेक्ट एक्सपर्ट्स ने अलग-अलग तरीकों से दिल्ली में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ऑफिस से NEET परीक्षा के सवाल लीक किए। कोर्ट को बताया गया है कि आरोपी ऐसा इसलिए कर पाए क्योंकि कॉन्फिडेंशियल सेक्शन से बाहर निकलते समय उनकी तलाशी नहीं ली गई थी।
स्पेशल जज अजय गुप्ता ने CBI की चार्जशीट पर भी संज्ञान ले लिया है। कोर्ट ने कहा कि वह 13 अगस्त से आरोप तय करने पर दलीलें सुनना शुरू करेंगे।













