वैष्णो देवी में चढ़ावे की मैन्युअल गिनती होगी बंद, 15 दिनों में लगेंगी CRM मशीनें

 

उधमपुर। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल और श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के चेयरमैन मनोज सिन्हा ने कहा है कि वैष्णो देवी मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे की मैन्युअल गिनती की व्यवस्था जल्द खत्म कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि चढ़ावे के प्रबंधन में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए अगले 15 दिनों में कैश रीसाइक्लर मशीनें (CRM) स्थापित की जाएंगी।

एक कार्यक्रम के दौरान मनोज सिन्हा ने बताया कि श्राइन बोर्ड की बैठक में एक सदस्य ने सुझाव दिया था कि चढ़ावे की हाथ से गिनती की प्रक्रिया बंद की जानी चाहिए। इसी दिशा में कदम उठाते हुए दो CRM मशीनें पहले ही लगाई जा चुकी हैं, जबकि बाकी मशीनें अगले 15 दिनों में स्थापित कर दी जाएंगी।

उपराज्यपाल ने कहा कि नई व्यवस्था पूरी तरह लागू होने के बाद चढ़ावे को संभालने और उसकी गिनती में श्राइन बोर्ड के कर्मचारियों या बैंक अधिकारियों की सीधी भूमिका नहीं होगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य मानवीय हस्तक्षेप को खत्म कर चढ़ावे की गिनती और प्रबंधन को तकनीक आधारित बनाना है।

मनोज सिन्हा ने कहा कि नई व्यवस्था से श्रद्धालुओं के चढ़ावे के प्रबंधन के लिए संस्थागत व्यवस्था मजबूत होगी और पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह तरीके से संचालित की जा सकेगी।

बता दें कि हाल ही में अयोध्या के राम मंदिर में दान की कथित चोरी को लेकर विवाद सामने आने के बाद मंदिरों में चढ़ावे की गिनती और उसके प्रबंधन में पारदर्शिता का मुद्दा चर्चा में आया है। इसी के मद्देनजर वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड भी चढ़ावे की गिनती की प्रक्रिया को तकनीक आधारित बनाने की दिशा में कदम उठा रहा है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha