राहुल गांधी का संसद मार्ग थाने पर धरना, पैलेट गन से घायल छात्र की शिकायत न दर्ज होने पर गरमाई सियासत

New Delhi : पेपर लीक और पुलिसिया कार्रवाई के मुद्दों को लेकर देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर सियासी पारा चढ़ गया है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पुलिस कार्रवाई में कथित रूप से पैलेट गन के इस्तेमाल से घायल एक छात्र को लेकर सीधे संसद मार्ग थाने पहुंचे। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, वह यहां मामले की शिकायत दर्ज कराने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज नहीं किए जाने पर वे थाना परिसर में ही धरने पर बैठ गए हैं।

साहिल की कंप्लेन पर नहीं मिली एमएलसी रिपोर्ट और इन्वेस्टिगेशन नंबर

कांग्रेस और राहुल गांधी ने सरकार और पुलिस प्रशासन पर बड़ा हमला बोलते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। साहिल की कंप्लेन पर इन्वेस्टिगेशन नंबर ही नहीं दिया गया है, जिससे कि एफआईआर दर्ज हो सके। इसके अलावा एम्स से भी साहिल की एमएलसी यानी मेडिको लीगल केस रिपोर्ट नहीं दी गई है, जिसको कि कंप्लेन और एफआईआर में लगाया जा सके। इसे पूरी तरह से अन्याय बताते हुए राहुल गांधी ने दो टूक कहा कि अमित शाह और दिल्ली पुलिस सुन लें, यह तानाशाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी और छात्रों के न्याय के लिए हम पूरी ताकत से लड़ते रहेंगे। इस दौरान राहुल गांधी खुद पीड़ित छात्र साहिल और उसकी मां के साथ थाने पहुंचे थे।

कौन हैं साहिल लोचाब और क्यों हुआ था विरोध प्रदर्शन

साहिल लोचाब मूल रूप से दिल्ली के नजफगढ़ के रहने वाले हैं और दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र हैं। अपने परिवार की आर्थिक स्थिति में हाथ बटाने के लिए वे पार्ट-टाइम कार भी चलाते हैं। साहिल एसएससी दिल्ली कांस्टेबल भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे थे और 2024-25 में हुए पेपर लीक से बुरी तरह प्रभावित हुए थे। गत 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर आयोजित संसद मार्च में साहिल पेपर लीक के जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर शामिल हुए थे। इसी दौरान हुई पुलिस कार्रवाई में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इससे पहले भी राहुल गांधी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस बर्बरता का मुद्दा उठाया था, जिसमें साहिल की आंख में गंभीर चोटें आई थीं।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha