BPSC अभ्यर्थियों का प्रदर्शन उग्र, राजभवन मार्च के दौरान छात्रों ने तोड़ी बैरिकेडिंग

 

पटना: बिहार की राजधानी पटना में 70वीं BPSC परीक्षा को लेकर छात्रों का प्रदर्शन तेज हो गया है। प्रदर्शनकारी छात्र परीक्षा रद्द करने की मांग कर रहे हैं। छात्रों की ओर से परीक्षा में कथित पेपर लीक और गड़बड़ी के आरोप लगाए जा रहे हैं। इन्हीं मांगों को लेकर छात्र पिछले कुछ दिनों से गर्दनीबाग स्थित धरना स्थल पर आंदोलन कर रहे हैं।

मंगलवार को प्रदर्शनकारी छात्र पटना की सड़कों पर उतर आए और मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने की कोशिश की। इस दौरान छात्रों ने जेपी गोलंबर पर लगी बैरिकेडिंग को तोड़ने का प्रयास किया और बैरिकेडिंग तोड़ दी।

मुख्यमंत्री आवास के घेराव का ऐलान

पटना के गर्दनीबाग में 15 सूत्री मांगों को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में छात्र-युवा संघर्ष मोर्चा ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास के घेराव का ऐलान किया था। इसी के तहत बड़ी संख्या में छात्र प्रदर्शन के लिए सड़कों पर उतरे हैं।

मोर्चा की ओर से बिहारभर के छात्रों, अभ्यर्थियों और युवाओं से इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई थी। छात्रों का मुख्यमंत्री आवास तक मार्च करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसी के चलते प्रदर्शनकारी छात्र सीएम आवास के घेराव की कोशिश कर रहे हैं।

छात्र नेता ने कहा- मांगों को सरकार तक पहुंचाने का मिला आश्वासन

प्रदर्शनकारी छात्र नेता ने कहा, “हमने अधिकारियों के सामने अपनी मांगें रखी हैं। हमें आश्वासन मिला है कि हमारी बात सरकार तक पहुंचाई जाएगी। शिक्षा विभाग में हमारी मांग स्पष्ट है, उस मांग पर सरकार की तरफ से लगभग सहमति और पॉजिटिव रुख रखा गया है। उन्होंने कहा है कि ठीक बात है, हम उसको देख लेंगे। आंदोलन के पहले या आंदोलन के बाद कल अगर बातचीत करेंगे, अगर मुख्यमंत्री बात करेंगे तो करेंगे, लेकिन कॉल है तो आंदोलन होगा।”

छात्रों की मांगों को लेकर सरकार ने बनाई कमेटी

पटना में छात्रों के प्रदर्शन के बीच सरकार भी एक्शन में है। छात्रों की मांगों और परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर कमेटी बनाने का ऐलान किया गया है। इसके साथ ही BPSC TRE-4 में भर्ती के लिए नोटिफिकेशन भी जारी किया गया है।

सरकार की ओर से परीक्षाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए पांच सदस्यीय कमेटी गठित करने की बात कही गई है। इस समिति की अध्यक्षता एक रिटायर्ड जज करेंगे।

परीक्षाओं में गड़बड़ी रोकने के उपायों की समीक्षा करेगी समिति

सरकार द्वारा गठित पांच सदस्यीय समिति परीक्षाओं में होने वाली गड़बड़ियों को रोकने के उपायों की समीक्षा करेगी। इसके अलावा परीक्षा प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए जरूरी कदमों पर भी विचार किया जाएगा।

फिलहाल 70वीं BPSC परीक्षा को लेकर छात्रों का आंदोलन जारी है। प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और मुख्यमंत्री आवास तक मार्च करने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, सरकार की ओर से कमेटी गठित करने और BPSC TRE-4 भर्ती का नोटिफिकेशन जारी करने जैसे कदमों के बाद अब छात्रों के अगले रुख पर नजर बनी हुई है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha