अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) के नाम पर फैसला कर लिया है। बुधवार को अयोध्या की मणिरामदास छावनी में महंत नृत्यगोपाल दास की अध्यक्षता में हुई ट्रस्ट की बैठक में एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को सर्वसम्मति से ट्रस्ट का CEO चुना गया। इसके साथ ही ट्रस्ट में तीन नए सदस्यों को शामिल किए जाने की भी घोषणा की गई।
बैठक में ट्रस्ट के प्रमुख पदाधिकारियों के अलावा आमंत्रित सदस्य भी मौजूद रहे। ट्रस्ट के नए सदस्यों में अयोध्या के मदन मोहन पांडेय, दिल्ली के महेश भागचंदका और अयोध्या की निर्मला यादव शामिल हैं।
करीब चार दशक का सैन्य अनुभव
एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा भारतीय वायुसेना में करीब चार दशक तक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। अब वह राम मंदिर की प्रशासनिक और संचालन व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे। उन्हें राम मंदिर ट्रस्ट का पहला मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है।
मिश्रा मूल रूप से देवरिया जिले के भाटपाररानी क्षेत्र के भोपतपुरा गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने 6 दिसंबर 1986 को भारतीय वायुसेना में फाइटर पायलट के तौर पर कमीशन प्राप्त किया था। लंबे सैन्य करियर के दौरान उन्होंने 18 से अधिक प्रकार के विमानों पर उड़ान भरी और 3,000 घंटे से ज्यादा का उड़ान अनुभव हासिल किया।
वह वायुसेना में कमांडिंग-इन-चीफ स्तर की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। इसके अलावा एकीकृत रक्षा स्टाफ में उप प्रमुख (सिद्धांत, संगठन एवं प्रशिक्षण) जैसे महत्वपूर्ण पद पर भी काम किया है।
अमेरिका और ब्रिटेन में भी लिया प्रशिक्षण
जितेंद्र मिश्रा ने भारत के अलावा अमेरिका और ब्रिटेन के प्रतिष्ठित रक्षा संस्थानों से भी प्रशिक्षण हासिल किया है। बड़े संगठनों के संचालन, नेतृत्व और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय का उनका अनुभव अब राम मंदिर की व्यवस्थाओं में काम आएगा।
राम मंदिर के CEO के सामने श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा, कर्मचारी प्रबंधन, सुविधाओं के विस्तार और अलग-अलग सरकारी एवं गैर-सरकारी एजेंसियों के बीच समन्वय जैसी कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां होंगी।
निर्माण से आगे अब संचालन पर जोर
राम मंदिर अब केवल निर्माण परियोजना नहीं रह गया है। मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र बड़े धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। ऐसे में रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित करना ट्रस्ट के लिए बड़ी चुनौती है।
इसी वजह से सैन्य सेवा से आए जितेंद्र मिश्रा के अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और बड़े संस्थानों के संचालन के अनुभव को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। देवरिया के एक छोटे से गांव से निकलकर भारतीय वायुसेना के शीर्ष पदों तक पहुंचे मिश्रा अब अयोध्या में राम मंदिर के पहले CEO के रूप में नई जिम्मेदारी संभालेंगे।
ट्रस्ट में तीन नए सदस्य शामिल
बैठक में ट्रस्ट के तीन नए सदस्यों की भी घोषणा की गई। इनमें मदन मोहन पांडेय, महेश भागचंदका और निर्मला यादव शामिल हैं। निर्मला यादव को ट्रस्ट की नई महिला सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
राम मंदिर ट्रस्ट के प्रमुख सदस्य
- के. परासरन: सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता और ट्रस्ट के संस्थापक सदस्य
- महंत नृत्य गोपाल दास: अध्यक्ष, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट
- स्वामी गोविंद देव गिरी जी महाराज: कोषाध्यक्ष
- कृष्ण मोहन: अंतरिम महासचिव
- जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती जी महाराज: सदस्य, प्रयागराज
- जगतगुरु मध्वाचार्य स्वामी विश्वप्रसन्न तीर्थ जी महाराज: सदस्य, पेजावर मठ, उडुपी
- युगपुरुष परमानंद जी महाराज: सदस्य, हरिद्वार
- महंत दिनेंद्र दास: सदस्य, निर्मोही अखाड़ा के प्रतिनिधि
- निर्मला यादव: नई महिला ट्रस्टी
- मदन मोहन पांडेय: नए ट्रस्टी, अयोध्या
- महेश भागचंदका: नए ट्रस्टी, दिल्ली
पदेन और सरकारी सदस्य
- नृपेंद्र मिश्रा: अध्यक्ष, मंदिर निर्माण समिति
- प्रशांत लोखंडे: केंद्र सरकार के प्रतिनिधि
- संजय प्रसाद: उत्तर प्रदेश सरकार के प्रतिनिधि
- शशांक त्रिपाठी: जिलाधिकारी, अयोध्या













