यूपी कांग्रेस में कमान ट्रांसफर पर बोले अजय राय: आराधना मिश्रा को दी बधाई, बोले— ‘कुछ भी स्थायी नहीं, मैंने निभाया अपना धर्म’

उत्तर प्रदेश कांग्रेस की नई टीम के गठन और आराधना मिश्रा ‘मोना’ को प्रदेश कांग्रेस की कमान सौंपे जाने के बाद पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। अजय राय ने नई प्रदेश अध्यक्ष को दिल से शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे कांग्रेस को और अधिक ऊंचाइयों पर ले जाएंगी। प्रदेश अध्यक्ष पद से बदलाव के घटनाक्रम को सहजता से लेते हुए अजय राय ने कहा कि राजनीति और जीवन में कुछ भी हमेशा के लिए स्थायी नहीं होता, उन्होंने अपने पूरे कार्यकाल में निष्ठा और ईमानदारी से अपना काम किया है।

राहुल गांधी और केंद्रीय नेतृत्व का जताया आभार, पीएम मोदी के खिलाफ लड़ाई को किया याद

अजय राय ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और विशेष रूप से राहुल गांधी का धन्यवाद अदा किया। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व ने उनके जैसे एक सामान्य कार्यकर्ता पर अटूट विश्वास जताया और उन्हें उत्तर प्रदेश कांग्रेस की कमान सौंपी। अजय राय ने याद दिलाया कि पार्टी ने उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ वाराणसी से चुनाव मैदान में उतारा। उन्होंने दावा किया कि आलाकमान से मिली ताकत के बल पर ही वाराणसी में कांग्रेस को 4 लाख 60 हजार से अधिक वोट मिले और कई राउंड की मतगणना में वे प्रधानमंत्री से आगे भी रहे।

‘आराधना मिश्रा से उम्मीद, कांग्रेस को मुझसे भी आगे ले जाएंगी’

नई अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ के नेतृत्व पर विश्वास जताते हुए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वे तीन बार की विधायक हैं और उनके परिवार का लंबा राजनीतिक अनुभव व प्रभाव रहा है। अजय राय ने कहा, “मैं उन्हें बधाई देता हूं और उम्मीद करता हूं कि वे दिन-रात मेहनत करके उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी को मेरे कार्यकाल से भी कहीं आगे लेकर जाएंगी।” उन्होंने कहा कि इस समय उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का राजनीतिक और सामाजिक समीकरण पहले से कहीं अधिक मजबूत स्थिति में है।

इस्तीफे के दबाव की खबरों को नकारा, बोले— ‘राहुल गांधी से हुई सकारात्मक चर्चा’

पद से हटाए जाने और इस्तीफे से जुड़ी अटकलों पर विराम लगाते हुए अजय राय ने साफ किया कि उनसे न तो इस्तीफा मांगा गया था और न ही पार्टी की ओर से कोई दबाव था। उन्होंने कहा कि वे पार्टी के एक अनुशासित कार्यकर्ता हैं और हमेशा आलाकमान के निर्देशों का पालन करते हैं। अजय राय ने बताया कि हाल ही में उनकी राहुल गांधी से बहुत ही सौहार्दपूर्ण माहौल में मुलाकात हुई थी, जिसमें प्रदेश में पार्टी संगठन को मजबूत करने, आगामी रणनीतियों और जमीनी कार्यकर्ताओं को सशक्त बनाने के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

‘बाबा विश्वनाथ का भक्त हूं, निभाता रहूंगा अपना कर्तव्य’

कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए अजय राय ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान अपना दायित्व, धर्म और कर्तव्य पूरी निष्ठा से निभाया है और आगे भी इसी मजबूती से काम करते रहेंगे। उन्होंने कहा, “हम काशी के रहने वाले हैं और बाबा विश्वनाथ के परम भक्त हैं। महादेव का आशीर्वाद हमारे साथ है और उसी ताकत के बल पर हम जनता के हक की लड़ाई लड़ते रहेंगे।”

महंगाई और बेरोजगारी पर सरकार को घेरा, गोरखपुर जलभराव पर साधा निशाना

उत्तर प्रदेश की वर्तमान स्थिति पर बात करते हुए अजय राय ने योगी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से त्रस्त है। गोरखपुर का उदाहरण देते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि वहां विकास के नाम पर आए पैसों का सही इस्तेमाल नहीं हुआ। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि स्थानीय सांसद शहर को ‘स्पेन’ बनाने के दावे करते थे, लेकिन आज मामूली बारिश में भी लोगों के घरों में पानी भर रहा है। अजय राय ने संकल्प दोहराया कि कांग्रेस के सभी नेता और कार्यकर्ता मिलकर दोगुनी ताकत के साथ सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष करेंगे।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha