
असम की राजधानी गुवाहाटी के सबसे व्यस्त और पॉश इलाकों में शुमार पलटन बाजार थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक सनसनीखेज वारदात से दहल उठा। जीएस रोड स्थित बोरा सर्विस इलाके में बने ‘होटल बिलास इन’ के पास अंधाधुंध गोलीबारी हुई, जिसमें एक महिला समेत 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
मृतकों में होटल की मालकिन और उनका बेटा भी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक यह पूरी वारदात संपत्ति और होटल के लीज एग्रीमेंट से जुड़े आपसी विवाद का नतीजा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को वारदात के महज एक घंटे के भीतर हथियार समेत गिरफ्तार कर लिया है।
रात 9 बजे गोलियों की तड़तड़ाहट से कांपा बोरा सर्विस इलाका
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए गुवाहाटी के पुलिस कमिश्नर (CP) पार्थ सारथी महंत ने बताया कि सोमवार रात करीब 9 बजे बोरा सर्विस इलाके में स्थित ‘होटल बिलास इन’ में अचानक गोलीबारी शुरू हो गई। गोलियों की आवाज सुनते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई।
फायरिंग में कुल 6 लोग गोली लगने से बुरी तरह घायल हो गए थे, जिनमें से इलाज के दौरान 5 लोगों की मौत हो गई। 1 घायल व्यक्ति का अस्पताल में इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की तुरंत घेराबंदी कर दी।
होटल के लीज एग्रीमेंट से जुड़ा था विवाद, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस कमिश्नर पार्थ सारथी महंत के अनुसार, शुरुआती जांच और पूछताछ में यह बात सामने आई है कि यह वारदात ‘होटल बिलास इन’ के लीज एग्रीमेंट से जुड़े जमीन विवाद के कारण अंजाम दी गई।
आरोपी को घटना के 1 घंटे के भीतर ही दबोच लिया गया और वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कड़ी पूछताछ कर रही है।
मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी, साक्ष्य जुटाने में जुटी फॉरेंसिक टीम
वारदात की गंभीरता को देखते हुए गुवाहाटी पुलिस के तमाम वरिष्ठ अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फॉरेंसिक टीम और पुलिस अधिकारियों ने मौके से साक्ष्य जुटाना और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करना शुरू कर दिया है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, मारे गए और घायल हुए कुछ लोगों का संबंध पास के ही होटल से बताया जा रहा है। पुलिस यह भी खंगाल रही है कि क्या इस वारदात में गिरफ्तार आरोपी के साथ कोई और भी शामिल था।
व्यस्ततम बाजार में दहशत का माहौल, सुरक्षा बढ़ाई गई
जीएस रोड और बोरा सर्विस गुवाहाटी का बेहद व्यस्त व्यावसायिक केंद्र माना जाता है। ऐसे में सरेराह हुई इस भीषण गोलीबारी की घटना के बाद से स्थानीय दुकानदारों और निवासियों में भारी दहशत का माहौल है।
घटना के तुरंत बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई थी, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। सुरक्षा के लिहाज से इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
















