MLC Election Results 2026: विधान परिषद चुनाव में दिखा मिला-जुला जनादेश; कर्नाटक में NDA की हैट्रिक, बिहार में 30 साल बाद….

नई दिल्ली। देश के चार प्रमुख राज्यों—उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक और महाराष्ट्र की कुल 28 विधान परिषद (MLC) सीटों पर हुई मतगणना के बाद मिला-जुला राजनीतिक जनमत सामने आ रहा है। जहां कर्नाटक में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने विपक्षी दलों का सूपड़ा साफ करते हुए सभी सीटों पर शानदार जीत दर्ज की है, वहीं बिहार और उत्तर प्रदेश में कड़े चुनावी मुकाबले और बड़े राजनीतिक उलटफेर देखने को मिले हैं। महाराष्ट्र में रुझानों का दौर अब भी लगातार जारी है।

उत्तर प्रदेश: 11 में से 6 सीटों के नतीजे घोषित; बीजेपी का दबदबा बरकरार, वाराणसी में सपा की बाजी

उत्तर प्रदेश की 11 विधान परिषद सीटों में से अब तक 6 सीटों के आधिकारिक परिणाम घोषित किए जा चुके हैं। इनमें से सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपना दबदबा कायम रखते हुए 5 सीटों पर परचम लहराया है। बीजेपी ने लखनऊ शिक्षक, मेरठ-सहारनपुर शिक्षक, बरेली-मुरादाबाद शिक्षक और मेरठ-सहारनपुर स्नातक सीटों पर प्रभावशाली जीत हासिल की है।

बरेली-मुरादाबाद शिक्षक सीट से बीजेपी प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लों ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। वहीं दूसरी ओर, वाराणसी शिक्षक सीट पर समाजवादी पार्टी (SP) के प्रत्याशी लाल बिहारी यादव ने जीत हासिल कर बीजेपी को बड़ा झटका दिया है। शेष 5 सीटों पर मतगणना जारी है, जिनमें सपा 3, बीजेपी 1 और निर्दलीय प्रत्याशी 1 सीट पर आगे चल रहे हैं।

बिहार: 4 शिक्षक सीटों के नतीजे आए; RJD ने नवल यादव को हराकर रचा इतिहास, JDU से बाहर हुए अनंत सिंह का बड़ा बयान

बिहार की 8 सीटों में से 4 शिक्षक निर्वाचन सीटों के परिणाम सामने आ चुके हैं। पटना शिक्षक सीट पर आरजेडी (RJD) के डॉ. संजीव कुमार ने इतिहास रचते हुए बीजेपी के दिग्गज नेता और 30 साल से अजेय रहे नवल किशोर यादव को मात दी है। इसके अलावा तिरहुत शिक्षक सीट पर बीजेपी के नरेंद्र सिंह, दरभंगा शिक्षक सीट पर ‘जन सुराज’ पार्टी के सुरेश प्रसाद राय और सारण सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार राहुल राज ने बाजी मारी है। बाकी 4 स्नातक सीटों पर मतगणना जारी है, जहां पटना स्नातक सीट से जेडीयू (JDU) के नीरज कुमार अपनी बढ़त बनाए हुए हैं।

इस बीच, पटना स्नातक सीट पर अपने समर्थित प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह की हार तय होने के बाद हाल ही में जेडीयू से निष्कासित पूर्व बाहुबली विधायक अनंत सिंह की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा, “वोटों की गिनती पूरी हो चुकी है, अब तीसरे या चौथे स्थान का सवाल ही नहीं उठता। जनता ही भगवान और असली मालिक है, जिसे वह चुनती है वही जीतता है।” पार्टी से निष्कासन पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि फैसला लेना पार्टी का अधिकार है और उनका ऐसा कोई बड़ा योगदान नहीं था कि वे पार्टी पर कोई दावा जता सकें।

कर्नाटक: NDA का क्लीन स्वीप; कांग्रेस को लगा बड़ा झटका

कर्नाटक की सभी 4 विधान परिषद सीटों पर एनडीए (BJP + JDS) गठबंधन ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए क्लीन स्वीप किया है। सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी को यहां तगड़ी हार का सामना करना पड़ा है।

  • उत्तर-पूर्व शिक्षक सीट से बीजेपी के शशिल नामोशी विजयी हुए।

  • पश्चिम स्नातक सीट से बीजेपी के एस.वी. संकनूर ने जीत दर्ज की।

  • दक्षिण-पूर्व स्नातक सीट पर भी बीजेपी प्रत्याशी के.एम. सुरेश जीते।

  • बेंगलुरु शिक्षक सीट से JDS-BJP गठबंधन के प्रत्याशी ए.पी. रंगनाथ ने कांग्रेस के दिग्गज उम्मीदवार को हराकर जीत का परचम फहराया।

महाराष्ट्र: 5 सीटों पर कांटे की टक्कर, छत्रपति संभाजीनगर सीट पर NCP (SP) आगे

महाराष्ट्र की सभी 5 विधान परिषद सीटों पर वोटों की गिनती जारी है और महायुति (BJP-शिवसेना-NCP) तथा महाविकास अघाड़ी (MVA) के बीच सीधा मुकाबला देखा जा रहा है।

  • छत्रपति संभाजीनगर स्नातक सीट: एनसीपी (शरद पवार गुट) के प्रत्याशी करीब 11,000 वोटों के भारी अंतर से आगे चल रहे हैं।

  • पुणे शिक्षक सीट: बीजेपी प्रत्याशी बढ़त बनाए हुए हैं।

  • पुणे स्नातक सीट: एनसीपी (एसपी) की उम्मीदवार आगे चल रही हैं।

  • नागपुर स्नातक सीट: बीजेपी के सुधाकर कोहले लगभग 4,000 वोटों से आगे हैं।

  • अमरावती शिक्षक सीट: शिवसेना (शिंदे गुट) के प्रत्याशी ने बढ़त बनाई हुई है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha