INDIA Alliance Rally: दिल्ली पुलिस ने रामलीला मैदान रैली के लिए दी NOC, ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ महारैली के लिए तय कीं 14 कड़ी शर्तें

राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में विपक्षी INDIA गठबंधन की प्रस्तावित महारैली को लेकर दिल्ली पुलिस ने अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी कर दिया है। विपक्ष ने 1 नवंबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ महारैली का आह्वान किया है। कांग्रेस नेताओं द्वारा प्रक्रिया में बाधा डालने के आरोपों के बीच पुलिस ने स्पष्ट किया है कि रैली की अनुमति रद्द नहीं की गई है, हालांकि इसके सफल और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए 14 बेहद सख्त शर्तें लागू की गई हैं।

शाम 5 बजे तक ही मिलेगी इजाजत, रात में मैदान में रुकने पर पूरी तरह पाबंदी

दिल्ली पुलिस की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, आयोजकों को कार्यक्रम शाम 5 बजे तक हर हाल में समाप्त करना होगा और इसके बाद समय बढ़ाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सुरक्षा कारणों से रामलीला मैदान में रात ठहरने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है, यानी रैली से पहले या बाद में किसी को भी मैदान में रात बिताने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा आयोजकों को मैदान से बाहर किसी भी प्रकार का मार्च निकालने की इजाजत नहीं दी गई है।

भड़काऊ भाषण दिया तो तुरंत बंद करना होगा माइक, लगाने होंगे CCTV और कंट्रोल रूम

सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने के लिए पुलिस ने निर्देश दिया है कि रैली स्थल के सभी प्रवेश-निकास द्वारों, मंच और दर्शक दीर्घा में अनिवार्य रूप से CCTV कैमरे लगाए जाएं। साथ ही गतिविधियों की निगरानी के लिए कम से कम 5 मॉनिटर वाला एक अलग कंट्रोल रूम स्थापित करना होगा। भड़काऊ भाषणों पर सख्ती बरतते हुए निर्देश दिया गया है कि यदि कोई वक्ता जाति, धर्म या समुदाय के आधार पर तनाव फैलाने वाला बयान देता है, तो आयोजकों को तुरंत माइक बंद कर उसे मंच से हटाना होगा।

वॉलीनियर्स के लिए ड्रेस कोड तय, वाहनों की पार्किंग और बुनियादी सुविधाओं के निर्देश

आयोजन की व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए वॉलंटियर्स की तैनाती और उनकी पहचान हेतु एक समान यूनिफॉर्म या बैज लगाना अनिवार्य किया गया है। मैदान में पेयजल और पुरुषों व महिलाओं के लिए अलग-अलग शौचालय ब्लॉक की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। ट्रैफिक व्यवस्था को बनाए रखने के लिए आयोजकों को बसों और अन्य वाहनों को केवल ट्रैफिक पुलिस द्वारा निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करना होगा।

3500 पुलिसकर्मी, 10 कंपनियां और 14 जोन: सुरक्षा के लिए अभेद्य घेराबंदी

सुरक्षा के लिहाज से पूरे रामलीला मैदान क्षेत्र को 14 अलग-अलग सुरक्षा जोन में विभाजित किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को संभालने के लिए करीब 3,500 पुलिस कर्मियों और अर्धसैनिक बलों (PAC) की 10 कंपनियों को तैनात किया जाएगा। हर जोन की कमान एडिशनल DCP और ACP स्तर के अधिकारियों के पास होगी। जंतर-मंतर पर हाल ही में हुए प्रदर्शनों के अनुभव को ध्यान में रखते हुए तैनात पुलिसकर्मियों को बॉडी-वर्न कैमरों से लैस किया जाएगा, ताकि किसी भी उपद्रव या अभद्रता की स्थिति में साक्ष्य रिकॉर्ड किए जा सकें।

आयोजकों को पुलिस को देनी होगी यह पूरी जानकारी

  • आमंत्रित अतिथियों (VVIPs) और वॉलंटियर्स की पूरी सूची।

  • कार्यक्रम का मिनट-दर-मिनट शेड्यूल।

  • रैली में आने वाली बसों की कुल संख्या और उनके रजिस्ट्रेशन नंबर।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha