सुल्तानपुर में भीषण सड़क हादसा: ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, 500 मीटर तक घिसटने से युवक की दर्दनाक मौत

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में कोतवाली देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रयागराज-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित लोहरामऊ ओवरब्रिज पर सोमवार देर रात एक खौफनाक सड़क हादसा हो गया. प्रयागराज की ओर से अयोध्या की तरफ जा रहे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण हादसे में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.

500 मीटर तक ट्रक में फंसी रही बाइक और युवक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक और उसकी हीरो होंडा आई-स्मार्ट बाइक ट्रक के निचले हिस्से में फंस गए. हादसे के बाद भी ट्रक चालक ने गाड़ी नहीं रोकी, जिसके कारण बाइक और युवक करीब 500 मीटर तक सड़क पर घिसटते चले गए. इस खौफनाक मंजर के कारण युवक का शव बुरी तरह से क्षत-विक्षत हो गया. दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर अफरा-तफरी मच गई और काफी देर तक यातायात बाधित रहा.

पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लिया, शिनाख्त की कोशिश जारी

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त करते हुए आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है. इसके साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक जांच में दोनों वाहनों की तेज रफ्तार की बात सामने आ रही है. फिलहाल मृतक युवक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि उसके परिजनों को सूचित किया जा सके.

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha