
इटावा,। बकेवर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिंगरौली गांव में मनरेगा के तहत खुदाई करते समय मजदूरों को जमीन से जिंदा हैंडग्रेनेड मिला। ग्रेनेड मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर एसपी ग्रामीण समेत पुलिस के आलाधिकारी मौके पर जांच करने पहुंचे।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ओमवीर सिंह ने बताया कि बुधवार को थाना बकेवर क्षेत्र के अंतर्गत सिंगरौली गांव के पास मनरेगा योजना के तहत मजदूर खुदाई का कार्य कर रहे थे। फावड़े से खुदाई करते समय मजदूरों को जमीन से एक जिंदा हैंड ग्रेनेड मिला है। सूचना मिलने के बाद हम लोग मौके पर जांच के लिए आये हैं।

हैंड ग्रेनेड काफी पुराना है और उसमें जंग लगी हुई है ऐसा माना जा रहा है कि यह इलाका पहले दस्यु प्रभावित क्षेत्र था और डकैतों के समय आये दिन पुलिस और डकैतों के बीच मुठभेड़ हुआ करती थी। उसी समय किसी डकैत ने इस ग्रेनेड को जमीन में छुपा दिया होगा। हम लोग इस ग्रेनेड को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज रहे हैं। ग्रेनेड की पिन अभी उसी में लगी हुई है। इससे प्रतीत हो रहा है कि यह ग्रेनेड अभी जिंदा है।















