
बैतूल। घोड़ाडोंगरी विकासखंड के ग्राम केरिया में एक दूल्हे के साथ दो दुल्हनों की अनूठी शादी देखने को मिली। दूल्हे ने एक मंडप के नीचे अपनी दो प्रेमिकाओं के साथ सात फेरे लिए। शादी में दूल्हा-दुल्हन के परिजनों के अलावा ग्रामीण भी शामिल हुए। शादी की सभी रस्में एक मंडप के नीचे ही ली गई। इस शादी का सोशल मीडिया पर वीडियों भी वायरल हो रहा है। जिसे लेकर लोगों में खासी चर्चा है। विवाह लगभग एक सप्ताह पूर्व होना बताया जा रहा है। वही कानून के हिसाब से पहले जिस दुल्हन से शादी की रस्में निभाई गई है वह ही विधिपूर्ण पत्नी है। दूसरी पत्नी को पति से मिलने वाले अधिकार नहीं मिलेंगे।
ग्रामीणों के मुताबिक ग्राम केरिया में आदिवासी युवक संदीप उईके ने होशंगाबाद की एक युवती और घोड़ाड़ोंगरी ब्लॉक के ग्राम कोयलारी की एक अन्य युवती के साथ विवाह किया। युवक भोपाल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। होशंगाबाद में उसकी जिले की युवती से दोस्ती हो गई थी। दोनों एक दूसरे को चाहने लगे थे। इसी दौरान युवक के घर वालों ने ग्राम कोयलारी में एक युवती के साथ उसका विवाह तय कर दिया। जिसके चलते विवाद खड़ा हो गया। इस विवाद को खत्म करने के लिए तीनों परिवारों एवं समाज के लोगों ने पंचायत बुलाई और निर्णय लिया गया कि यदि लड़कियां युवक के साथ एक साथ रहने के लिए तैयार है तो दोनों की शादी उससे करा दी जाए। इस फैसले पर दोनों लड़कियां राजी हो गई और युवक के साथ सात फेरे लिए।
पहले जिससे रस्में वह पत्नी
वरिष्ठ अधिवक्ता मदन हिरे ने बताया कि पति या पत्नी के जीवन काल में पहली पत्नी या पति से विधिपूर्ण रुप से विवाह विच्छेद (तलाक) बिना दूसरा विवाह करना अपराध है। इस मामले में दोषी को सात वर्ष तक के कारावास और जुर्माना हो सकता है। जिस युवती से विवाह की रस्में पहले की गई है वह विधिपूर्ण विवाहिता पत्नी है। दूसरी नहीं होगी। दूसरी पत्नी,पति से मिलने वाले अधिकार के लिए दावा नहीं कर सकती। दूसरी शादी में हाजिर और सहयोग करने वाले लोग भी अपराधी माने जाएंगे।
इनका कहना
– एक युवक ने दो युवतियों से एक ही मंडप के नीचे शादी की है। तीनों परिवारों द्वारा लिए गए निर्णय के बाद यह शादी हुई है।
-मिश्रीलाल परते, उपाध्यक्ष जनपद पंचायत घोड़ाडोंगरी।
– हमनें ऐसी किसी शादी के लिए परमिशन नहीं दी है। बिना अनुमति की शादी हुई है। पटवारी को भेजकर मामले की जांच कराई जा रही है।
– मोनिका विश्वकर्मा, तहसीलदार घोड़ाडोंगरी।















