महाराष्ट्र : बच्चे की बॉडी समझ डॉक्टरों ने खिलौने का किया पोस्टमॉर्टम, सोशल मीडिया पर लोगो ने जमकर उड़ाया मजाक

बुलढाणा. महाराष्ट्र के बुलढाणा से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सोमवार सुबह यहां एक खिलौने को एक नवजात बच्चे की डेडबॉडी समझ डॉक्टरों ने उसका पोस्टमॉर्टम कर दिया। पेट काटने पर उसमें से स्पंज मिला तो डॉक्टरों को अपनी गलती का एहसास हुआ।

पुलिस ने भी सही से चेक नहीं किया
एक बच्चे की तरह नजर आने वाला यह खिलौना खामगांव तहसील के बोराजवाला गांव में नदी किनारे एक झाड़ी से बरामद हुआ। स्थानीय ग्रामीणों ने फोन कर पुलिस को बताया कि झाड़ियों में 7-8 महीने का एक बच्चा पड़ा हुआ है। मौके पर पुलिस टीम पहुंची और बाकायदा उस खिलौने का पंचनामा हुआ। इसके बाद उसे पोस्टमॉर्टम के लिए जिला हॉस्पिटल भेज दिया गया।

ऐसे डॉक्टरों को हुआ अपनी गलती का एहसास
पोस्टमॉर्टम की टेबल पर दो डॉक्टरों ने जब उसका पेट काटा तो दोनों की आंखें फटी की फटी रह गई। इसमें से फोम निकलता हुआ देख डॉक्टरों को अपनी गलती का एहसास हुआ। डॉक्टरों का कहना है कि खिलौने पर कीचड़ सूख गया था। 

इस मामले की जांच करने वाले इंस्पेक्टर एसएल चव्हाण ने बताया कि वह कड़क होकर एक बच्चे की तरह नजर आ रहा था। इसी वजह से गलतफहमी हुई। अब इस घटना की इलाके में खूब चर्चा है और लोग सोशल मीडिया में डॉक्टरों और पुलिसवालों का जमकर मजाक बना रहे हैं।

खबरें और भी हैं...