
पटना: Bihar Coronavirus News: देश में कोरोना का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है. भारत में कोरोनावायरस से 9 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हैं वहीं, अब तक 23 हजार 700 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. इस बीच बिहार में मंगलवार को कोरोना का रिकॉर्ड मामला दर्ज किया गया. बिहार में बीते 24 घंटे में कोरोना के 1432 नए केस सामने आए, जो एक दिन का रिकॉर्ड है. इसके साथ ही यहां संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 18853 पर पहुंच गया है और अब तक 160 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है.
उधर, बढ़ते कोरोना के मामले को देखते हुए बिहार में नीतीश सरकार ने एक और लॉकडाउन 16 जुलाई से 31 जुलाई तक का फैसला लिया है. गुरुवार से लागू होने वाले लॉकडाउन में इस बार सभी जिला मुख्यालय, सब डिविजनल मुख्यालय, ब्लॉक मुख्यालय और नगर निकाय में यह प्रभावी होगा. हालांकि ग्रामीण इलाकों को इस लॉकडाउन में बाहर रखा गया है. इसके साथ ही बिहार में प्लेन और ट्रेन सेवा भी बाधित नहीं होगी.
वहीं, बिहार की राजधानी पटना (Patna) में भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय (Patna BJP Office) में 25 लोग एक साथ कोरोनावायरस (Coronavirus) से संक्रमित पाए गए हैं. ऊपर से इस संख्या के बढ़ने की आशंका है क्योंकि बहुत सारे नेताओं और कार्यकर्ताओं के सैंपल लिए गए हैं, इनकी रिपोर्ट धीरे-धीरे सामने आ रही है.
बता दें कि मंगलवार को ही नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल के एक और सदस्य शैलेश कुमार कोरोना पॉज़िटिव पाए गए हैं. इसके अलावा राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और BJP के एक-एक विधायक भी कोरोना से संक्रमित हैं. राजधानी पटना में मुख्य सचिव को अपने घर से काम करना पड़ रहा है. उनके कार्यालय में कई कर्मचारी Covid-19 पॉजिटिव पाए गए हैं. इससे पहले बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी के दफ्तर के भी कई लोग संक्रमित पाए गए थे.















