
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में गुरुवार को सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क न पहनने वालों के खिलाफ कार्रवाई के नाम पर बेल्थरा रोड के उपजिलाधिकारी अशोक चौधरी ने जमकर लाठी भांजी। उन्होंने लोगों को दौड़ा दौड़ाकर पीटा। बुजुर्गों भी नहीं बख्शा। तहसील के बाहर दुकानों पर मौजूद लोगों और कारोबारियों को भी डंडे से पीटा। इस दौरान एक दुकानदार का हाथ फ्रैक्चर हो गया। इस घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद सीएम योगी ने एसडीएम को निलंबित करते हुए राजस्व परिषद से संबद्ध किया है।
दरअसल, बेल्थरा रोड के पास गुरुवार की दोपहर एसडीएम अशोक चौधरी ने अचानक लोगों पर कार्रवाई करना शुरू किया। पुलिस व होमगार्ड जवानों के साथ उन्होंने पहले तहसील परिसर में लोगों की पिटाई की।
इसके बाद तहसील से बाहर निकले तो सड़क से गुजरते हुए लोगों पर उनका कहर टूटा। इसके बाद वे चौकिया मोड़ पहुंचे, जहां किराने की दुकान पर मौजूद रजत चौरसिया को दुकान के बाहर खींचकर ले आए और पीटना शुरू किया। इससे उसका हाथ फट गया और खून बहने लगा।
तहसील परिसर, सड़क पर तथा बाजार में एसडीएम बेल्थरारोड अशोक चौधरी द्वारा लोगों को लाठियों से पिटाई को लेकर व्यापारियों में गुस्सा है। उनकी इस कार्यशैली के खिलाफ व्यापारी, अधिवक्ता व आम लोगों में बेहद गुस्सा है।













