कानपुर में नकली नोट छापने वाले गैंग का पर्दाफाश: 350 रुपये में बेचते थे 500 का जाली नोट, तीन शातिर गिरफ्तार

कानपुर में आगामी विधानसभा चुनाव की सुगबुगाहट के बीच पुलिस ने नकली नोटों के एक बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। एडीसीपी क्राइम सुमित सुधाकर रामटेके की अगुवाई में पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर छापेमारी कर तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके कब्जे से लाखों रुपये के जाली नोट और नोट छापने के उपकरण बरामद किए हैं। यह गैंग 500 रुपये का नकली नोट 350 रुपये में और 200 रुपये का नकली नोट 150 रुपये (30 फीसदी मार्जिन) में बाजार में खपाता था।

ट्रेन चोरी से नकली नोट छापने तक का सफर

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पकड़े गए आरोपी—सोमिल गुप्ता, रोशन अली और शेर सिंह—पहले ट्रेनों में चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। चोरी के बाद ये रेलवे स्टेशनों के पास स्थित रैन बसेरों में रुकते थे। वहीं इनकी मुलाकात जाली नोट छापने के एक मास्टरमाइंड से हुई, जिसने इन्हें इस अवैध धंधे का तरीका सिखाया। इसके बाद आरोपियों ने ट्रेन में एक बड़ी चोरी को अंजाम देकर एप्सन (Epson) कंपनी का हाईटेक प्रिंटर और स्पेशल पेपर खरीदा और जाली नोट छापना शुरू कर दिया। ये हर शहर में रैन बसेरों को अपना ठिकाना बनाकर नोट छापते थे और नया शहर पकड़ लेते थे।

लाखों की जाली भारतीय मुद्रा और हाईटेक प्रिंटर बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 2,04,650 रुपये के जाली नोट बरामद किए हैं। बरामद खेप में 100 रुपये के 1991 नोट, 50 रुपये के 71 नोट (नए और पुराने) और 500 रुपये के 4 जाली नोट शामिल हैं। इसके अलावा मौके से एक हाईटेक प्रिंटर, स्पेशल पेपर, कटर, स्केल, इंक की बोतलें और ट्रॉली बैग बरामद किए गए हैं। जॉइंट पुलिस कमिश्नर संकल्प शर्मा ने बताया कि यह गैंग पुलिस से बचने के लिए एक ग्राहक को सिर्फ एक ही बार नकली नोट बेचता था और तुरंत अपना ठिकाना बदल देता था।

सहारनपुर जाली नोट कांड और NIA जांच से जुड़ सकते हैं तार

पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है कि वे अब तक बाजार में कितने करोड़ रुपये के नकली नोट खपा चुके हैं। पुलिस को आशंका है कि इस गैंग के तार सहारनपुर के बैंक करेंसी चेस्ट से बरामद हुए जाली नोट कांड से भी जुड़े हो सकते हैं। ध्यान रहे कि सहारनपुर मामले में एनआईए (NIA) लखनऊ में मामला दर्ज कर एक बैंक अधिकारी को भी गिरफ्तार कर चुकी है।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha