Cristiano Ronaldo “Last Dance”: 100 करोड़ सोशल मीडिया फॉलोअर्स वाले CR-7 का आखिरी वर्ल्ड कप, किंग कोहली से लेकर सिराज तक टीम इंडिया में हैं मुरीद

 फुटबॉल की दुनिया के ‘सर्वकालिक महान खिलाड़ी’ (GOAT) क्रिस्टियानो रोनाल्डो (CR-7) को लेकर इस समय पूरी दुनिया में दीवानगी सातवें आसमान पर है. दुनिया भर में रोनाल्डो के 1 बिलियन यानी 100 करोड़ सोशल मीडिया फॉलोअर्स हैं. इसका सीधा मतलब यह है कि दुनिया का हर आठवां शख्स इस दिग्गज फुटबॉलर को फॉलो करता है. यह संख्या पूरे यूरोप महाद्वीप की कुल आबादी (तकरीबन 75 करोड़) से भी कहीं ज्यादा है.

इसी बीच रोनाल्डो की बहन और पॉप सिंगर कैटिया अवेरो ने संकेत दिए हैं कि फीफा वर्ल्ड कप 2026 (FIFA World Cup 2026) इस महान खिलाड़ी का ‘लास्ट डांस’ यानी आखिरी वर्ल्ड कप हो सकता है. इस खबर के बाद भारत समेत अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा जैसे मेजबान देशों में फैंस भावुक हैं और दुआ कर रहे हैं कि CR-7 इस बार वर्ल्ड कप की चमचमाती ट्रॉफी के साथ फुटबॉल को अलविदा कहें.

भारतीय क्रिकेट टीम में भी है रोनाल्डो के दीवानों की फौज

क्रिस्टियानो रोनाल्डो का जादू सिर्फ फुटबॉल के मैदान तक सीमित नहीं है, बल्कि भारतीय क्रिकेट टीम (Team India) के स्टार खिलाड़ियों में भी उनके प्रति गजब का क्रेज है. टीम इंडिया में रोनाल्डो के इतने प्रशंसक हैं कि उनकी अपनी एक अलग ‘क्रिकेट टीम’ बनाई जा सकती है:

  • विराट कोहली: ‘किंग कोहली’ को रोनाल्डो का सबसे बड़ा प्रशंसक माना जाता है. साल 2022 वर्ल्ड कप से जब पुर्तगाल बाहर हुआ, तब कोहली ने रोनाल्डो के लिए एक इमोशनल पोस्ट लिखकर उन्हें “Greatest of all time” बताया था. कोहली ने कहा था कि रोनाल्डो की खेल के प्रति भूख और उनका कड़ा अभ्यास उन्हें दुनिया में सबसे जुदा बनाता है. पांच बार चैंपियंस लीग और कई बार ‘बैलन डी’ओर’ का खिताब जीतने वाले रोनाल्डो के करियर में बस एक वर्ल्ड कप ट्रॉफी की कमी है, जो कोहली समेत हर फैन का सबसे बड़ा दर्द है.

  • श्रेयस अय्यर और सूर्यकुमार यादव: भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर से जब लियोनेल मेसी और रोनाल्डो के बीच किसी एक को चुनने के लिए कहा गया, तो उन्होंने बिना झिझके रोनाल्डो को चुना था. वहीं, टीम इंडिया के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव (SKY) भी रोनाल्डो की क्लास के मुरीद हैं. हाल ही में क्रोएशिया के खिलाफ पेनल्टी से किए गए रोनाल्डो के गोल को देखकर सूर्या ने सोशल मीडिया पर कहा था— “क्लास इज परमानेंट (Class is PERMANENT).”

  • हार्दिक पांड्या और मोहम्मद सिराज: स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को कई बार रोनाल्डो के नाम और नंबर (7) की जर्सी पहने हुए और उनके स्टाइल को कॉपी करते देखा गया है. वहीं, तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज का मैदान पर विकेट लेने के बाद किया जाने वाला प्रसिद्ध ‘SIUUU’ सेलिब्रेशन इस बात का जीता-जागता सबूत है कि उनमें पुर्तगाली कप्तान को लेकर किस कदर दीवानगी है.

  • केएल राहुल और युवराज सिंह: स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल बचपन में फुटबॉलर बनना चाहते थे और वह रोनाल्डो को अपनी बड़ी प्रेरणा मानते हैं. वहीं, पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह का रोनाल्डो प्रेम जगजाहिर है; वह हमेशा रोनाल्डो की वजह से ही पुर्तगाल को हर बड़े टूर्नामेंट का मजबूत दावेदार मानते आए हैं.

सौरव गांगुली से लेकर युवा ब्रिगेड तक सब हैं मुरीद

पूर्व भारतीय कप्तान और ‘कोलकाता के दादा’ सौरव गांगुली का फुटबॉल प्रेम किसी से छिपा नहीं है. गांगुली महान डिएगो मैराडोना के साथ-साथ क्रिस्टियानो रोनाल्डो के बहुत बड़े फैन हैं. इसके अलावा, युवा क्रिकेटर पृथ्वी शॉ रोनाल्डो की 41 साल की उम्र में भी फौलादी फिटनेस के कायल हैं, जबकि नीतीश कुमार रेड्डी और देवदत्त पडिक्कल खुलकर कहते हैं कि रोनाल्डो ही उनके असल आदर्श (Idol) हैं.

2006 से 2026 तक: 6 वर्ल्ड कप और फुटबॉल के ‘इंटरनेशनल किंग’

साल 2006 से लेकर 2026 तक लगातार 6 फीफा वर्ल्ड कप खेलने वाले क्रिस्टियानो रोनाल्डो दुनिया के इकलौते ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने हिस्सा लिए हर वर्ल्ड कप में गोल दागने का अनोखा रिकॉर्ड बनाया है. रोनाल्डो के नाम अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल इतिहास में सबसे ज्यादा 146 गोल दर्ज हैं.

वर्ल्ड कप इतिहास में भी वह महान फुटबॉलर पेले से सिर्फ 1 गोल पीछे यानी 11 गोल कर चुके हैं. फुटबॉल जगत के तमाम पंडितों का मानना है कि यदि इस बार पुर्तगाल की टीम वर्ल्ड कप ट्रॉफी उठा लेती है, तो रोनाल्डो के नाम के आगे हमेशा-हमेशा के लिए फुटबॉल के ‘सर्वकालिक महान खिलाड़ी’ (GOAT) की स्थायी मुहर लग जाएगी.

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha