
एवियन-लेस-बैंस (फ्रांस)। फ्रांस के खूबसूरत शहर एवियन-लेस-बैंस में आयोजित 52वें G-7 शिखर सम्मेलन से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब सम्मेलन के आउटरीच सत्र में हिस्सा लेने पहुंचे, तो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ उनकी मुलाकात देखने लायक थी। जैसे ही पीएम मोदी कमरे में दाखिल हुए, अपनी सीट पर बैठे राष्ट्रपति ट्रंप तुरंत खड़े हो गए। दोनों नेताओं ने बेहद गर्मजोशी से हाथ मिलाया और ट्रंप ने मुस्कुराते हुए पीएम मोदी के कंधे को थपथपाया। दोनों महाशक्तियों के राष्ट्रध्यक्षों के बीच की यह बॉन्डिंग साफ बयां कर रही थी कि भारत और अमेरिका के रिश्ते मौजूदा वैश्विक समीकरणों में कितनी अहमियत रखते हैं।
16 महीने बाद आमने-सामने आए मोदी और ट्रंप
वैश्विक राजनीति के लिहाज से यह मुलाकात बेहद खास है, क्योंकि पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप करीब 16 महीनों के लंबे अंतराल के बाद एक-दूसरे के आमने-सामने आए हैं। इससे पहले दोनों नेताओं की मुलाकात पिछले साल फरवरी में वाशिंगटन में हुई थी। आउटरीच सेशन के दौरान सामने आए वीडियो में दोनों नेताओं के चेहरों की मुस्कान और बातचीत का अंदाज यह बताने के लिए काफी था कि द्विपक्षीय मुद्दों की कड़वाहट पर उनकी व्यक्तिगत दोस्ती भारी है। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब भारत और अमेरिका के बीच व्यापार, टैरिफ और कुछ अन्य रणनीतिक मुद्दों पर लगातार बातचीत का दौर चल रहा है।
G-7 की पारंपरिक ‘फैमिली फोटो’ में भारत का दम
फ्रांस के राष्ट्रपति के आधिकारिक निमंत्रण पर इस उच्चस्तरीय सम्मेलन में भाग लेने पहुंचे पीएम मोदी ने दुनिया के अन्य शीर्ष नेताओं के साथ पारंपरिक ग्रुप फोटो (फैमिली फोटो) भी खिंचवाई। इस प्रतिष्ठित तस्वीर में भारत की मजबूत उपस्थिति साफ नजर आ रही थी। फोटो में पीएम मोदी के साथ मेजबान फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, इतालवी प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी, ब्रिटिश पीएम कीर स्टारमर, जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज, जापानी पीएम सनाए ताकाइची और कनाडाई पीएम मार्क कार्नी जैसे शक्तिशाली नेता एक साथ खड़े दिखाई दिए। इनके अलावा मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फत्ताह अल-सिसी, ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा और यूरोपीय संघ के प्रमुख भी इस मंच की शोभा बढ़ा रहे थे।
वैश्विक मंच पर भारत का लगातार बढ़ता कद
इस शिखर सम्मेलन में भारत की भागीदारी कई मायनों में ऐतिहासिक है। भारत 13वीं बार इस प्रतिष्ठित मंच पर एक प्रमुख भागीदार देश (पार्टनर नेशन) के रूप में शामिल हो रहा है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल की बात करें तो वह लगातार सातवीं बार G-7 सम्मेलन में देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, जो विश्व मंच पर भारत की बढ़ती साख और मजबूत नेतृत्व का सीधा प्रमाण है। फ्रांस की मेजबानी में 15 से 17 जून 2026 तक चलने वाले इस त्रिदिवसीय शिखर सम्मेलन में वैश्विक अर्थव्यवस्था, जलवायु परिवर्तन, और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा जैसे कई गंभीर मुद्दों पर मंथन किया जा रहा है।














