
सोलन : हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक पति ने अपने भाई और दोस्त के साथ मिलकर पत्नी की हत्या की खौफनाक साजिश रची। आरोपी पति महिला को उत्तर प्रदेश से पहाड़ों पर घूमने के बहाने सोलन लाया और एक सुनसान जगह पर पहले चाकू से उसका गला रेत दिया, फिर उसे करीब 100 मीटर गहरी खाई (ढांक) में नीचे धकेल दिया। गनीमत रही कि खाई में गिरने के दौरान महिला झाड़ियों में फंस गई, जिससे उसकी जान बच गई। वारदात के बाद मुस्तैद सोलन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज आधे घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को धर दबोचा।
यह पूरी घटना उस समय उजागर हुई जब बड़ोग निवासी एक प्रत्यक्षदर्शी नरेश कुमार ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। उन्होंने देहूंघाट के पास तीन युवकों को एक युवती के साथ देखा था। संदेह होने पर जब वे वापस लौटे, तो उन्होंने देखा कि तीनों युवक महिला को सड़क से नीचे गहरी खाई में धक्का देकर पैदल ही फरार हो गए।
घटनास्थल पर सड़क किनारे खून के निशान भी मिले। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। गंभीर रूप से घायल महिला किसी तरह झाड़ियों से निकलकर बाईपास रोड तक पहुंच गई थी, जहाँ से उसे तत्काल सिविल अस्पताल सोलन ले जाया गया और बाद में नाजुक हालत को देखते हुए आईजीएमसी (IGMC) शिमला रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने त्वरित घेराबंदी करते हुए नगाली के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनकी पहचान उत्तर प्रदेश निवासी दलीप कुमार (28), उसके भाई शिवम (20) और दोस्त मदन कुमार (28) के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी पति दलीप ने कबूल किया कि उसका पत्नी के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके कारण उसने अपने भाई और दोस्त के साथ मिलकर हत्या का यह प्लान बनाया था।
वारदात को अंजाम देकर तीनों वापस उत्तर प्रदेश भागने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। सोलन सदर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।














