गजरौला (पीलीभीत)। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के थाना गजरौला क्षेत्र अंतर्गत पिपरिया कॉलोनी से एक दुखद घटना सामने आई है। यहां एक 25 वर्षीय विवाहिता मोहिनी की गुरुवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की शादी को अभी सात वर्ष पूरे नहीं हुए थे। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया। मायके पक्ष की लिखित तहरीर पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नवंबर 2019 में हुई थी शादी, पिता देहरादून से रवाना
माला कॉलोनी निवासी प्रभाष मंडल ने थाना गजरौला पहुंचकर पुलिस को अपनी छोटी बहन मोहिनी (25) की मौत की सूचना दी। मोहिनी का विवाह नवंबर 2019 में पिपरिया कॉलोनी निवासी महानंद विश्वास (पुत्र हरेंद्र विश्वास) के साथ हुआ था। घटना के समय मृतका के पिता देहरादून में मजदूरी पर थे, जिन्हें सूचना दे दी गई है और वे पीलीभीत के लिए रवाना हो चुके हैं।
नायब तहसीलदार की मौजूदगी में पंचायतनामा, फील्ड यूनिट ने जुटाए साक्ष्य
शादी के सात वर्ष के भीतर संदिग्ध परिस्थिति में मौत होने के कारण पुलिस ने विधिक नियमों का पालन करते हुए नायब तहसीलदार सदर वीरपाल सिंह को मौके पर बुलाया। इसके साथ ही फॉरेंसिक (फील्ड) यूनिट की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज: थाना अध्यक्ष
गजरौला थाना अध्यक्ष ब्रजवीर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनी हुई है। मायके पक्ष की ओर से पोस्टमार्टम कराने की तहरीर मिली है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा, जिसके बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।













