
—
नई दिल्ली,. नेपाल सरकार के संविधान संशोधन प्रस्ताव को खारिज किए जाने की मांग करने वाली सांसद सरिता गिरि के घर पर कुछ अज्ञात लोगों ने हमला किया है। हमले के बारे में सरिता गिरी ने ट्विटर पर बताया कि कुछ अज्ञात हमलावरों ने उनपर हमला किया है । हमलावरों ने तोड़फोड़ करते हुए उन्हें देश छोड़ने की चेतावनी भी दी है। जानकारी के अनुसार, सांसद ने इस संबंध में पुलिस को फ़ोन कर सुचना दी और मंदा की मांग भी की लेकिन कोई भी पुलिसवाला उनकी मदद को नहीं पहुंचा । इस हमले के बाद उनकी पार्टी के लोगों ने भी उनसे दूरी बना ली है।
सरकार द्वारा नए नक्शे को संविधान का हिस्सा बनाने के लिए लाए गए संविधान संशोधन प्रस्ताव पर अपना अलग से संशोधन प्रस्ताव डालते हुए जनता समाजवादी पार्टी की सांसद सरिता गिरि ने इसे खारिज करने की मांग की थी। नेपाल विवादित नक्शे को कानूनी रूप देने के लिए संविधान संशोधन कर रहा है। जनता समाजवादी पार्टी की सांसद सरिता इसके पक्ष में नहीं हैं. उन्होंने इस प्रस्ताव को खारिज करने की मांग की है, इस वजह से पार्टी भी उनसे नाराज चल रही है। उनकी पार्टी ने उनको तुरंत यह संशोधन प्रस्ताव वापस लेने का निर्देश दिया है। साथ ही प्रस्ताव वापस नहीं लेने पर पार्टी से निलंबित करने की चेतावनी भी दी है।
सांसद सरिता के घर हुए हमले को लेकर सोशल मीडिया पर जमकर बवाल हो रहा है ,कई लोग इस हमले पर प्रक्रिया देते हुए इसकी कड़ी निंदा कर रहे है । नेपाल के मानवाधिकार कार्यकर्ता रणधीर चौधरी ने ट्वीट कर लिखा कि ‘हम किस स्थिति में पहुंच गए हैं। आज सांसद भी अपने घर में सुरक्षित नहीं हैं। सरिता गिरी के घर पर कुछ लोगों ने हमला किया, तोड़फोड़ की गई। हमलावरों ने उनके खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का भी इस्तेमाल किया। हमें इसकी निंदा करनी चाहिए, मुझे शक है कि इसमें सरकार का हाथ हो सकता है’। रणधीर ने सरिता के ट्वीट का स्क्रीनशॉट भी शेयर किया है। जिसमें उन्होंने नेपाली भाषा में लिखा है कि 40-50 लोगों ने उनके घर पर हमला किया और मुख्य द्वार तोड़ दिया’।













